लालू ने किया राष्ट्रीय अध्यक्ष का नामांकन, जदयू के नीरज बोले- नौवां आश्चर्य है, चुनाव लड़ने के पात्र नहीं पर...
नीरज कुमार ने कहा कि यह नौवां आश्चर्य है कि एक रजिस्टर्ड पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष एक सजा प्राप्त व्यक्ति बार-बार बन जाता है जिनके पास चुनाव लड़ने की पात्रता नहीं है
राष्ट्रीय जनता दल(आरजेडी) के वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने अगले सत्र के लिए नामांकन पर्चा दाखिल कर दिया है। सोमवार राबड़ी देवी, मीसा भारती, तेजस्वी यादव के साथ पार्टी कार्लाय पहुंचे लालू प्रसाद ने चुनाव पदाधिकारी रामचंद्र पूर्वे के नामांकन पत्र सौंपा। मंगलवार को इसकी जांच की जाएगी। इधर जदयू की ओर से फौरन प्रतिक्रिया सामने आई। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा है कि एक सजायाफ्ता का पंजीकृत पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना नौवां आश्चर्य है। हालांकि, लालू प्रसाद का फिर से राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना तय है।
नीरज कुमार ने बयान जारी कर कहा है कि राष्ट्रीय जनता दल का मतलब ही है लालू यादव का परिवार। वे जेल में रहें या नजरबंद रहें, राष्ट्रीय अध्यक्ष वही रहेंगे। लेकिन यह नौवां आश्चर्य है कि एक रजिस्टर्ड पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष एक सजा प्राप्त व्यक्ति बार-बार बन जाता है। कहा कि उनके पास चुनाव लड़ने की पात्रता नहीं है, राजनैतिक रूप से नजरबंद हैं, बीमारी की अवस्था में हैं, ईश्वर उन्हें स्वस्थ रखें। लेकिन, किसी की हिमाकत नहीं है दलित, पिछड़ा या अल्पसंख्यक का कि कोई अपनी दावेदारी भी कर दे। राष्ट्रीय अध्यक्ष जब भी बनेगा, उनके परिवार से ही बनेगा।
इससे पहले बीजेपी नेता और डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने भी लालू यादव को राजद का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने के सवाल पर कहा कि पार्टी में एक भी बेदाग छवि भ्रष्टाचार मुक्त नेता नहीं है। इसीलिए सजायाफ्ता लालू प्रसाद राष्ट्रीय अध्यक्ष बन जाते हैंं। लेकिन अबकी बार उन्हें इस पद पर बैठाया गया तो राजद का पतन हो जाएगा। प्रशांत किशोर ने कहा कि लालू यादव की पार्टी है तो राष्ट्रीय अध्यक्ष कौन बनेगा। जबतक लालू रहेंगे तो वे ही बनेंगे। उनके बाद तेजस्वी यादव को बनाया जाएगा। परिवार से बाहर के किसी व्यक्ति को नहीं बनाया जाएगा।
बता दें कि राजद के स्थापना काल से ही राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ही हैं। हाल ही में मंगनी लाल मंडल को जगदानंद सिंह के स्थान पर प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। उसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव हो रहा है।