दो दिन बाद उत्तराखंड बीजेपी को मिलेगा नया प्रदेश अध्यक्ष, जानिए रेस में कौन आगे
भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए उल्टी गिनती शुरू हो गई है। एक जुलाई को भाजपा को विधिवत रूप से अध्यक्ष मिल जाएगा। भाजपा हाईकमान ने केंद्रीय राज्यमंत्री हर्षवर्धन मल्होत्रा को आब्जर्वर नामित कर दिया है।

भाजपा हाईकमान की तरफ से प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए चुनाव तिथि के ऐलान के साथ ही पार्टी में सरगर्मियां बढ़ गई हैं। संभावित दावेदार लाबिंग में जुट गए हैं। अभी तक आठ से ज्यादा दावेदार प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में शामिल बताए जा रहे हैं। पार्टी हाईकमान की पसंद कौन होगा, यह तस्वीर तो एक जुलाई को ही साफ हो पाएगी, लेकिन माना यह भी जा रहा है कि हाईकमान मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को दोबारा से प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंप सकता है।
2022 में महेंद्र भट्ट बने थे अध्यक्ष
वरिष्ठ विधायक मदन कौशिक के कुर्सी से हटने के बाद 30 जुलाई, 2022 को भट्ट को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली थी। बदरीनाथ विधानसभा सीट से चुनाव हारने के बावजूद पार्टी ने भट्ट पर भरोसा जताया और उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी। दरअसल, भट्ट की संगठनात्मक कार्यशैली दूसरों से उन्हें अलग पायदान पर खड़ी करती है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा में उनका लंबा कार्यकाल रहा। इसके बाद संगठन सचिव का दायित्व बखूबी संभाल चुके हैं।
संगठनात्मक कार्यशैली के साथ ही वे राज्य में जातीय और क्षेत्रीय संतुलन को भी साध रहे हैं। चूंकि, मुख्यमंत्री पुष्कर धामी कुमाऊं मंडल से आते हैं, ऐसे में यह माना जा रहा है कि हाईकमान संतुलन बनाए रखने को गढ़वाल मंडल से किसी नेता को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी देगी। भट्ट वैसे तो राज्यसभा के सांसद भी हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रदेश अध्यक्ष के रूप में वे हाईकमान की पहली पसंद बताए जा रहे हैं। उनके नेतृत्व में भाजपा वर्ष 2024 में हुए लोकसभा चुनाव और फिर निकाय चुनाव भी शानदार तरीके से फतह भी कर चुकी है।
अध्यक्ष पद के लिए ये भी हैं दावेदार
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ में कई नेताओं के नाम शुमार में हैं। इनमें बाकायदा तीन नेता तो पूर्व में अपनी दावेदारी भी ठोक चुके हैं। इनमें पूर्व कैबिनेट मंत्री बलवंत सिंह भौर्याल, हल्द्वानी नगर निगम के मेयर गजराज सिंह बिष्ट और वरिष्ठ नेता केदार जोशी शामिल हैं। इसके साथ ही भाजपा प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, धर्मपुर विधायक विनोद चमोली, राजपुर रोड विधायक खजान दास, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आशा नौटियाल और संगठन के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता सतीश लखेड़ा के नाम की चर्चाएं भी हैं।
2019 के बाद पहली बार विधिवत चुनाव
भाजपा में वर्ष 2019 के बाद विधिवत तरीके से प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव नहीं हुए हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता बंशीधर भगत को जब प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी गई थी तो तब यह प्रक्रिया अपनाई गई थी। बंशीधर भगत लगभग पौने दो साल तक अध्यक्ष रहे। कैबिनेट मंत्री पद की जिम्मेदारी मिलने पर उनके स्थान पर हरिद्वार के वरिष्ठ विधायक मदन कौशिक को यह जिम्मेदारी दी गई। कौशिक भी लगभग डेढ़ साल तक अध्यक्ष रहे और इसके बाद महेंद्र भट्ट यह दायित्व निभाते आ रहे हैं। भट्ट का लगभग तीन साल का कार्यकाल होने वाला है।
अध्यक्ष के चुनाव के लिए हैं 117 वोटर
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चुनाव के लिए प्रांतीय परिषद के सदस्य, राज्य की लोकसभा क्षेत्रों के पार्टी सांसद और राज्य के कुल विधायकों के 10 फीसदी पार्टी विधेयक मतदाता होते हैं। इनकी कुल संख्या 117 हैं। जिनमें 105 प्रांतीय परिषद सदस्य हैं। वहीं, इस समय राज्य की पांचों लोकसभा सीटों पर भाजपा के सांसद हैं। इसके साथ ही सात विधायक भी मतदाता बनाए जाने हैं। संगठन की तरफ से अभी इन विधायकों के नाम घोषित नहीं किए हैं।
आज शुरू हो जाएगा चुनाव प्रक्रिया
उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष के लिए कई महीने पहले कसरत शुरू हो गई थी। हाईकमान ने अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए राजपुर रोड विधायक खजान दास को मुख्य चुनाव अधिकारी घोषित किया था, लेकिन विभिन्न वजहों से चुनाव टलते रहे। अब पार्टी हाईकमान ने आब्जर्वर नामित करने के साथ ही चुनाव तिथियों का ऐलान कर दिया है। मुख्य चुनाव अधिकारी व विधायक खजान दास ने बताया कि 29 जून से चुनाव प्रक्रिया शुरू की जाएगी। बलवीर रोड स्थित पार्टी मुख्यालय में पहले दिन नोटिस बोर्ड पर मतदाता सदस्यों की सूची चस्पा कर दी जाएगी, जबकि 30 जून को नामांकन प्रक्रिया होगी। एक जुलाई को आब्जर्वर व केंद्रीय राज्यमंत्री मल्होत्रा दून पहुंचेंगे। उनकी देखरेख में इसी दिन प्रदेश अध्यक्ष का नाम घोषित किया जाएगा।
राष्ट्रीय परिषद के लिए भी चुने जाएंगे आठ सदस्य
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के दिन ही 1 जुलाई को राष्ट्रीय परिषद के भी चुनाव होंगे। इसके लिए आठ सदस्य निर्वाचित या नामित किए जाएंगे। प्रदेश परिषद से इनका चयन किया जाएगा। ये सदस्य राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में भागीदारी करेंगे ।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।