पति को पनीर लाने भेजकर चचेरे भाई संग फरार हुई बीवी, डेढ़ महीने बाद दोनों ने परिवार को दिया झटका
मिर्जापुर से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। डेढ़ महीने पहले एक महिला अपने पति को पनीर लाने भेजकर चचेरे भाई संग फरार हो गई थी। अब दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली है। पुलिस ने उन्हें वाराणसी से बरामद किया है।

यूपी के मिर्जापुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां एक गांव में डेढ़ महीने पहले एक महिला ने पति को पनीर लाने भेजकर अपने चचेरे भाई संग फरार हो गई। अब दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली है। जब पुलिस ने दोनों को वाराणसी से बरामद किया तो हैरान रह गए। यहां तक कि दोनों ने साथ रहने की जिद पर अड़े रहे।
ये मामला राजगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव है। युवक ने पत्नी की मौत के बाद सोनभद्र के एक गांव की रहने वाली युवती से दूसरी शादी की थी। विवाहिता का चचेरा भाई भी अक्सर बहन व बहनोई के घर आता-जाता रहता था। इसी दौरान दोनों में प्यार हो गया। धीरे-धीरे प्रेम परवान चढ़ने पर दोनों एक साथ रहने का फैसला ले लिए। लगभग डेढ़ महीने पहले विवाहिता ने अपने पति को पनीर लेने के लिए बाजार भेजकर प्रेमी संग फरार हो गई। घर पर बीवी के न होने पर पति उसे ढूंढने में जुट गआ। आखिर में थकहारकर उसने राजगढ़ थाने में गुमशुदगी का केस दर्ज कराया। जिसके बाद पुलिस महिला की तलाश में जुट गई थी।
पुलिस ने सोमवार शाम को वाराणसी के गोदौलिया थाना क्षेत्र से प्रेमी और प्रेमिका दोनों को बरामद किया और राजगढ़ थाने ले आई। जानकारी मिलने पर दोनों पक्ष के घरवाले भी थाने पर पहुंच गए। वहां, विवाहिता ने परिवार वालों को कोर्ट मैरिज का पेपर दिखाया। जिसे देख उपस्थित लोगों के पैरों तले जमीन खिसक गई। परिजन इस सोच में डूब गए कि जिसे महिला भाई समझती थी उसी से कैसे शादी रचा ली। उधर, इस संबंध राजगढ़ थानाध्यक्ष महेंद्र पटेल ने बताया कि दोनों ने कोर्ट मैरिज कर लिया है। महिला अपने पति के साथ रहने को तैयार नहीं है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।