Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़UP weather Heat index is eight degrees higher in eight districts of UP people are suffering from heat like 50

UP Weather: यूपी के आठ जिलों में हीट इंडेक्स आठ डिग्री ज्यादा, 50 जैसी गर्मी से लोग बेहाल

UP Weather: यूपी के आठ जिलों में हीट इंडेक्स आठ डिग्री ज्यादा होने से लोगों को 50 डिग्री सेल्सियस जैसी गर्मी का एहसास हुआ और लोग बेहाल रहे। लखनऊ, झांसी, उरई, बांदा, वाराणसी, कानपुर में अधिकतम तापमान 44 डिग्री और इससे ऊपर रहा।

Yogesh Yadav लखनऊ, प्रमुख संवाददाताThu, 12 June 2025 11:33 PM
share Share
Follow Us on
UP Weather: यूपी के आठ जिलों में हीट इंडेक्स आठ डिग्री ज्यादा, 50 जैसी गर्मी से लोग बेहाल

UP Weather: यूपी में लखनऊ, गोरखपुर, रायबरेली, वाराणसी समेत 13 जिलों में दर्ज तापमान से आठ डिग्री ज्यादा तक की गर्मी लोगों ने महसूस की। इन जिलों में तपिश के साथ हवा में बढ़ी नमी के कारण हीट इंडेक्स 50 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं, लखनऊ, झांसी, उरई, बांदा, वाराणसी, कानपुर में अधिकतम तापमान 44 डिग्री या इससे ऊपर निकल गया। मौसम विभाग ने आगरा, कानपुर और लखनऊ में हीट वेव की स्थिति दर्ज की है।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी यूपी से लेकर बुंदेलखंड तक फिलहाल अगले 24 घंटे इस भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार बहुत कम हैं। अमौसी स्थित प्रदेश के मौसम मुख्यालय के अनुसार हवा में आर्द्रता बढ़ने की वजह से हीट इंडेक्स बढ़ा रहा। यह अध्ययन आईएमडी ने पिछले दो वर्षों से शुरू किया है। बीते 24 घंटों के दौरान लखनऊ, मेरठ, आगरा, फिरोजाबाद, हाथरस, झांसी, बहराइच, श्रावस्ती, उन्नाव, रायबरेली, वाराणसी, चंदौली और मिर्जापुर में हीट इंडेक्स 50 डिग्री के करीब रहा। यानी इन जिलों में भले ही अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री के बीच रहा लेकिन गर्मी छह से आठ डिग्री तक ज्यादा महसूस हुई।

ये भी पढ़ें:आसमान से बरसी आग, आगरा में पारा 45 डिग्री के पार, राहत पर क्या बोला मौसम विभाग

वहीं, गुरुवार को बांदा और उरई में अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कानपुर आईएएफ में 44.6, झांसी में 44.7, आगरा में 44.6 डिग्री तापमान रहा। इसी तरह लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी बीएचयू में 44 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। गोरखपुर में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस रहा लेकिन गर्मी सबसे ज्यादा तापमान वाले शहरों जितनी महसूस की गई।

रात भी बेचैन करने वाली

गाजीपुर और लखीमपुर खीरी में रात का तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री ज्यादा रहा। इन दो जिलों में मौसम विभाग ने ‘वार्म नाइट’ यानी उष्ण रात्रि की स्थिति दर्ज की है। गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज, लखनऊ, झांसी, आगरा समेत कई शहरों में रात का तापमान 30 डिग्री के ऊपर निकल गया।

बेचैन और बीमार बना देता है बढ़ा हीट इंडेक्स

मोबाइल पर अक्सर वेदर ऐप में मौजूदा तापमान के साथ लिखा रहता है, ‘फील लाइक’। यही हीट इंडेक्स है। मौसम विभाग के अनुसार यह तब बढ़ता है जब हवा में नमी ज्यादा हो और अधिकतम तापमान 40 डिग्री से अधिक हो। इस स्थिति में गर्मी अधिकतम तापमान से कहीं ज्यादा महसूस होती है। इससे लोग असहज महसूस करते हैं, बेचैनी बढ़ जाती है। मौसम केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार लू से ही तबीयत नहीं बिगड़ती, हीट इंडेक्स ज्यादा होना भी उतना ही खतरनाक होता है। शरीर से लगातार निकल रहे पसीने की वजह से पानी की कमी होने लगती है। गंभीर बीमारियों से ग्रस्त लोगों की तबीयत बिगड़ने लगती है। इसीलिए अब हीट इंडेक्स पर ध्यान दिया जा रहा है। वहीं, हवा में नमी बढ़ने पर कूलर और पंखे की हवा नाकाफी होती है। एसी भी ठीक से काम नहीं करते।

लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |
अगला लेखऐप पर पढ़ें