UP Weather: आसमान से बरसी आग, आगरा में पारा 45 डिग्री के पार, राहत पर क्या बोला मौसम विभाग
UP Weather: पूरा यूपी इस समय भीषण तपिश और गर्मी से बेहाल है। ज्यादातर जिलों में पारा 40 के पार है। उरई और आगरा में तो तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के भी ऊपर चला गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे तक कोई राहत की उम्मीद नहीं है।

UP Weather: भीषण गर्मी और तपिश ने प्रदेश के अधिसंख्य जिलों को बेहाल कर दिया। आगरा, उरई में हीट वेव यानी लू की स्थिति रही। तापमान 45 डिग्री के ऊपर निकल गया। झांसी और बांदा में पारा 44 डिग्री के ऊपर रहा। वहीं, वाराणसी, कानपुर में तापमान 43 डिग्री से अधिक रहा। प्रदेश के 25 शहरों में पारा 40 डिग्री से ज्यादा ऊपर गया। लखनऊ में 42 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
अमौसी स्थित प्रदेश के मुख्य मौसम केन्द्र का आकलन है कि 14 जून से कई जिलों में बारिश या हल्की बूंदाबांदी की स्थिति बन रही है। इसके बाद तपिश का सिलसिला टूटेगा। साथ ही ज्यादातर जिलों में तापमान में तीन से चार डिग्री नीचे आएगा। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी यूपी के ऊपर बन रही वर्षाजनक परिस्थितियां अभी पूरे प्रभाव में नहीं आई हैं। ऐसे में बारिश का पूर्वानुमान जो कि 12 जून के लिए था वह दो दिन आगे बढ़ गया है।
मौजूदा समय प्रदेश में कोई प्रभावी मौसम तंत्र सक्रिय नहीं है। शुष्क मौसम के कारण विकिरणीय ऊष्मन बढ़ रहा है, यानी तीखी धूप धरती की सतह को गर्म कर रही है। इसी वजह से प्रदेश में अधिकतर स्थानों पर तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है। अगले 48 घंटों के दौरान कोई व्यापक परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। ऐसे में पश्चिमी यूपी में लू और उष्ण रात की परिस्थितियां 13 तारीख तक जारी रह सकती हैं।
आगरा 45.4 तो उरई 45.2 पर तपा
भीषण धूप और गर्म हवा के थपेड़ों ने ताज नगरी आगरा को बेहाल कर दिया। आगरा में अधिकतम तापमान 45.4 और उरई में 45.2 डिग्री रहा। झांसी में 44.7, बांदा में 44.8, प्रयागराज में 43.8, वाराणसी में 43.3 और कानपुर में 43.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा।
पश्चिम यूपी में लू का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने पश्चिम यूपी के कुछ शहरों में लू की स्थिति का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर, मथुरा, आगरा, झांसी शामिल हैं। साथ ही बागपत, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, ललितपुर एवं आसपास के इलाकों के लिए यलो अलर्ट है। इनके अलावा सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर एवं आसपास के इलाकों में रात का तापमान अधिक होने का अलर्ट जारी किया गया है।
वेस्ट यूपी में भीषण गर्मी और उमस, राहत 14 के बाद
मेरठ सहित वेस्ट यूपी में भीषण गर्मी और उमस के दौर से लोग बेहाल हैं। बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट तो हुई लेकिन आद्रता का स्तर बढ़ने से स्थितियां और गंभीर हो गईं। वेस्ट यूपी में 39-40 डिग्री सेल्सियस तापमान 45-47 डिग्री सेल्सियस जैसा महसूस हो रहा है।
बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट हुई लेकिन आद्रता का स्तर बढ़ने से स्थितियां और गंभीर हो गईं। मेरठ में दिन का तापमान 39.6 और न्यूनतम 26.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ जो सामान्य से 2.2 एवं 0.9 डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार अभी 48-72 घंटे तक वेस्ट यूपी में भीषण गर्मी, उमस और लू का दौर जारी रहने के आसार हैं। हालांकि इसके बाद पूरे क्षेत्र में 40-50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज आंधी और हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। 20-25 जून तक वेस्ट यूपी में मानसून के भी दस्तक देने की उम्मीद है।
ब्रज में प्रचंड गर्मी बरकरार, लगातार तीसरे दिन पारा 45 पार
ब्रज में पारा लगातार 45 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है। इस तापमान पर बने रहने का तीसरा दिन है। आगरा लगातार तप रहा है। मथुरा में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रहा। आने वाले तीन दिन गर्म हवा का ही पहरा रहेगा। तापमान इसी स्तर पर बना रहने की आशंका है।
प्रयागराज में पारा 0.5 डिग्री गिरने के बाद भी चले लू के थपेड़े
प्रयागराज में बुधवार को भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी रहा। सुबह नौ बजे से ही दोपहर जैसी गर्मी बेचैन करने लगी। तेज धूप और गर्म हवाओं के चलने से जरूरत पर ही लोग घर से निकले। बुधवार को अधिकतम तापमान मंगलवार की अपेक्षा 0.5 डिग्री सेल्सियस कम रहा। मंगलवार को अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस था।
कानपुर में सीजन की सबसे गर्म रात रही
अब रात में उष्ण लहर के लिए चेतावनी दी जा रही है। बुधवार को कानपुर में रात का तापमान चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (सीएसए) में पहली बार 30.7 और एयरफोर्स वेदर स्टेशन में 32,2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यह सीजन की सबसे गर्म रात रही। सात जून से दिन का पारा लगातार 40 के पार चल रहा है। बुधवार को हीटवेव थोड़ी नरम पड़ी।