चोरी के बाद एसी चलाकर की थी मैगी पार्टी, यूपी पुलिस ने एनकाउंटर में बदमाश को गोली मारकर पकड़ा
यूपी की राजधानी लखनऊ में रिटायर बैंक कर्मी के मकान में चोरी के बाद मैगी पार्टी करने वाले गिरोह के सदस्य को पुलिस ने एनकाउंटर में घायल कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तीन सदस्यों को पकड़ा है।

राजधानी लखनऊ के इन्दिरानगर सी-ब्लॉक में रिटायर बैंक कर्मी के मकान में चोरी के बाद मैगी पार्टी करने वाले गिरोह को गाजीपुर पुलिस ने शुक्रवार सुबह घेर लिया। सर्वोदयनगर मजार के पास पुलिस टीम को देख गिरोह के सदस्य ने फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में एक चोर के पैर में गोली लगी। वहीं, गिरोह से जुड़े करीब तीन सदस्यों को पकड़ा गया। जिनसे पुलिस पूछताछ कर रही है।
इन्दिरानगर सी-ब्लॉक निवासी रिटायर बैंक कर्मचारी भूपाल सिंह बसेरा दिल्ली गए हुए थे। इस बीच मकान का ताला तोड़ कर चोरों ने लाखों रुपये का सामान पार कर दिया। पड़ोसी दीपा बिष्ट ने सोमवार को घर की लाइट जली देख भूपाल सिंह और उनकी पत्नी नीरू को सूचना दी थी। जिसके बाद वारदात का पता चला। चोरी करने के बाद एसी चला कर गिरोह के सदस्यों ने मैगी पार्टी भी की थी। पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। मुकदमा के बाद पुलिस ने कार्रवाई में जुट गई। पुलिस को कुछ सीसी फुटेज मिले थे। जिनमें संदिग्ध नजर आए।
शुक्रवार सुबह करीब सात बजे गाजीपुर पुलिस की टीम सर्वोदयनगर में गश्त कर रही थी। मजार के पास पहुंचने पर संदिग्ध युवक नजर आए। जिन्हें सिपाहियों ने पूछताछ के लिए रुकने का इशारा किया। इस दौरान एक युवक ने फायरिंग की। पुलिस की कार्रवाई में तकरोही बाजार निवासी हिमांशु उर्फ संजू के पैर में गोली लगी। जो लड़खड़ा कर गिर पड़ा। सिपाहियों ने गिरोह के तीन अन्य सदस्यों को भी मौके पर दबोचा। वहीं, कुछ लोग भाग गए। जिनकी तलाश पुलिस कर रही है।