एक बेटी विदा हुई दूसरी दुल्हन बन करती रही बारात का इंतजार, नहीं आया दूल्हा
यूपी के शामली में दो बहनों की शादी होनी थी। एक बेटी की बारात आई और विदा भी हो गई।वहीं दूसरी बेटी दुल्हन के लिबास में बारात का इंतजार करती रही पर दूल्हा बारात लेकर नहीं आया।

यूपी के शामली के समीप खेड़ीकरम गांव के एक ही घर में दो बहनों की शादी होनी थी। पूरे परिवार में खुशी का माहौल थ और सभी तैयारियां की गई थी। मगर दहेज की मांग ने इस परिवार को मायूस कर दिया। एक बेटी की बारात तो आ गई लेकिन दूसरी बेटी दुल्हन के लिबास में लिपटी बाट जोहती रही। एक बेटी को निकाह की रस्म अदायगी के साथ विदा किया गया लेकिन दूसरी बेटी की विदाई का अरमान दिल में ही रह गया। पीड़ित पिता ने दहेज में कार मांगने पर शादी तोड़ने का आरोप लगाया है।
शामली से सटे गांव खेड़ीकरमू निवासी व्यक्ति की दो बेटियों की शादी रविवार तय थी। उसकी एक बेटी का रिश्ता बागपत जिले के असारा और दूसरी बेटी का रिश्ता कैराना निवासी युवक से तय हुआ था। रविवार में दोनों बेटियों की शादी के लिए बारात आनी थी। इसके लिए लिए दो तीन दिन से बारातियों की आवभगत एवं दावत के लिए हलवाई लगे थे। सब तैयारियां हो चुकी थी। दोनों बेटियों के निकाह के लिए स्टेज सजाया गया था। सुबह के लगभग नौ बजे असारा गांव से दूल्हा एवं बारात पहुंच गई थी। घराती और रिश्तेदार सभी बारात की आवभगत में लग गए थे। सभी का कहना था कि चलो एक बारात का चाय नाश्ता पहले करा देते हैं।
सभी को अनुमान था की दूसरी बारात भी आती ही होगी। पहली बारात का चाय नाश्ता होने के बाद जब दूसरी बेटी की बारात नहीं आयी तो पिता ने फोन किया। पता लगा कि कैराना से बारात नहीं आ रही है। पिता के पैरो तले से जमीन खिसक गई। रिश्तेदारों को भी यह पता लगा तो सभी उदास हो गए। पीड़ित पिता ने आरोप लगाया कि दूल्हा पक्ष दहेज में कार की मांग कर रहा है। कार न मिलने पर बारात लेकर आने से मना कर दिया।
बताया जा रहा है कि रिश्तेदारों ने भी लड़के पक्ष से बात की लेकिन किसी की नहीं मानी। कुछ लोग कैराना भी गए लेकिन उनकी भी एक नहीं सुनी गई। इसके बाद घरातियों ने एक बेटी के निकाह की रस्म अदायगी कर बेटी को विदा किया लेकिन दूसरी बेटी की शादी के अरमान दिल में ही रह गए। दुखी पिता ने कोतवाली में तहरीर देकर दहेज में कार की मांगने एवं शादी के लिए बारात लेकर न आने का आरोप लड़के पक्ष पर लगाया है। कोतवाल इंजार्च वीरेंद्र कसाना का कहना कि पीड़ित पक्ष थाने में पहुंचा था। लड़के पक्ष को फोन भी किया गया लेकिन फोन नहीं उठाया। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जायेगी।