रसूखदारों के कारण पति का सुसाइड, पुलिस की लचर कार्रवाई से खफा पत्नी ने भी जान दी
लखनऊ में रसूखदारों के कारण पति ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। पुलिस की लचर कार्रवाई से खफा पत्नी ने भी गोमती में कूदकर जान दे दी है। दो अप्रैल को महिला ने किसी तरह पति को खुदकुशी के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कराया था।

लखनऊ में लक्ष्मण मेला मैदान के पास बुधवार को महिला ने गोमतीनदी में कूद कर जान दे दी। दो अप्रैल को महिला के पति ने फांसी लगा कर खुदकुशी की थी। उस पर रसूखदारों ने चोरी का इल्जाम लगाया था। पति को आत्महत्या के लिए विवश करने वाले के खिलाफ महिला ने किसी तरह से मुकदमा दर्ज कराया। पर, पुलिस की जांच आगे नहीं बढ़ सकी। महिला लगातार हजरतगंज कोतवाली के चक्कर काटती रही। सुनवाई नहीं होने से व्यथित होकर खुदकुशी कर ली। यह आरोप परिवार ने लगाया।
सिकंदर नगर नई बस्ती निवासी कविता निषाद (30) के पति महेश निषाद हजरतगंज में एक प्रभावशाली व्यक्ति के घर काम करते थे। सालों से साथ जुड़े होने के बाद भी रसूखदार परिवार ने महेश पर रुपये चोरी करने का आरोप मढ़ा था। जिससे आजिज होकर महेश ने दो अप्रैल को फांसी लगा कर खुदकुशी की थी। पति को आत्महत्या के लिए विवश करने वाले रसूखदारों के खिलाफ कार्रवाई के लिए कविता कई दिनों से परेशान थी। बुधवार दोपहर वह बेटे माधव और बेटी शुभी से लक्ष्मण मेला चौकी जाने की बात कह कर घर से निकली थी। इसके कुछ देर बाद ही गोमतीनदी में कूद कर कविता ने खुदकुशी कर ली।
प्रभाव के आगे पुलिस ने धीमी कर दी जांच
भाई अंशु का आरोप है कि कविता अक्सर कहती थी कि पुलिस दोषियों को बचाने के लिए जांच बहुत धीमे कर रही है। वह ढाई महीने से थाने और चौकी के चक्कर लगा रही है। पर कोई सुनवाई नहीं होती है। भाई अंशु ने आरोप लगाया कि पुलिस ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की होती तो आज बहन कविता उनके साथ होती।
पत्नी को वीडियो भेज कर लगाई थी फांसी
महेश अलीगंज निवासी एक प्रभावशाली व्यक्ति के यहां खाना बनाते थे। दो अप्रैल को आत्महत्या करने से पहले महेश ने एक वीडियो बनाकर बनाकर अपनी पत्नी को भेजा था। वीडियो में महेश ने मालकिन को संबोधित करते हुए कहा था कि, मम्मी जी...आज के बाद अब आपसे नहीं मिलूंगा... मैं आत्महत्या करने जा रहा हूं।
6.50 लाख रुपए चोरी का आरोप लगा था
महेश जिनके यहां खाना बनाते थे होली के समय घर में चोरी हो गई थी। अंशु ने बताया कि महेश पर 6.50 लाख रुपये चोरी का आरोप लगा था। 17 मार्च को महेश को बुलाकर पुलिस के हवाले कर दिया था। इसके बाद अक्सर वह और उनकी पत्नी फोन पर पीटने और घर जब्त करने की धमकी दे रहे थे। इससे आहत होकर महेश ने जान दे दी थी।
एससीपी हजरतगंज विकास जायसवाल के अनुसार महेश की मौत के बाद आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। महेश की मौत के पहले का जो वीडियो है उसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। अभी रिपोर्ट नहीं आई है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।