इंजीनियर बताकर की सगाई, होने वाला दूल्हा निकला जिला बदर अपराधी, शादी से इनकार पर धमकी
यूपी के बहराइच में इंजीनियर बताकर युवक ने सगाई कर ली। लड़की वालों ने जब होने वाले दूल्हे की सच्चाई पता की तो होश उड़ गए। युवक जिला बदर अपराधी निकला। लड़की ने शादी से इनकार कर दिया। इस पर युवक धमकी दे रहा है।

यूपी के बहराइच जिले में इंजीनियर बताकर युवक ने सगाई कर ली। दहेज में 15 लाख मांगे। लड़की वालों में जब युवक के चरित्र का सत्यापन किया तो वह अपराधिक प्रवृति का व्यक्ति निकला। डीएम ने उसे जिला बदर भी कर रखा था। इसे सुनकर लड़की पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया। अब युवक शादी करने के लिए हत्या की धमकी दे रहा है। पुलिस ने युवक को नामजद कर धमकी, आईटी एक्ट, दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।
विशेश्वरगंज थाने के एक गांव निवासी ने अपनी बेटी की शादी गोंडा के कटरा थाने के कमालपुर गांव में तय की थी। युवक ने खुद को इंजीनियर बताया था। 20 अप्रैल को सगाई भी कर दी गई जिसमें वधू पक्ष का लगभग दो लाख रुपये खर्च हुए। सगाई के बाद युवक ने वधू पक्ष से दहेज में 15 लाख रुपये मांगने शुरू किए। इसी दौरान वधू पक्ष को भनक लगी कि युवक इंजीनियर नहीं है। बल्कि वह जालसाज व आपराधिक कृत्यों में संलिप्त रहा है। आपराधिक गतिविधियों के चलते गोंडा जिला मजिस्ट्रेट उसे जिला बदर भी कर चुके है।
शादी से इनकार की बात युवक को नागवार लगी तो उसने लड़की के पिता को कॉल कर धमकाया। शादी न करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। इसकी शिकायत नगर कोतवाली मे की गई। युवक ने सोशल मीडिया पर फर्जी एकाउंट बना आपत्तिजनक पोस्ट कर उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया। पीड़ित की पत्नी व बेटी ने भी इसकी शिकायत 1090 पर की। पीड़ित पिता ने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज की है। एसएचओ ज्ञान सिंह ने बताया कि तहकीकात चल रही है।