यूपी में सुबह-सुबह एनकाउंटर, मंगल सूत्र लुटेरे ने पुलिस टीम पर चलाई गोली; जवाबी फायरिंग में घायल
गोरखपुर के गगहा इलाके में पति के साथ जा रही महिला का मंगलसूत्र लूटने वाले बदमाश को पुलिस ने एक एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बदमाश की घेराबंदी की तो सरेंडर करने की बजाए उसने गोली चला दी। जवाबी फायरिंग में घायल होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

UP Police Encounter: यूपी के गोरखपुर में सोमवार की सुबह-सुबह पुलिस और मंगल सूत्र लूट के एक आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने लुटेरे को घेरा तो लूट आरोपी ने सरेंडर करने की बजाए पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की जिसमें आरोपी को पैर में एक गोली लग गई। गोली लगने के बाद आरोपी वहीं गिर गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपी के पास से पुलिस ने लूटा गया मंगलसूत्र, तमंचा, कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक को बरामद कर लिया है। पति के साथ जा रही महिला का मंगल सूत्र लूटने की इस घटना को गोरखपुर के गगहा इलाके में अंजाम दिया गया था।
पकड़े गए बदमाश की पहचान बड़हलगंज के परसिया गांव निवासी राजबहादुर यादव के रूप में हुई है। बता दें कि 16 जून को देवरिया के एकौना थाना क्षेत्र की एक महिला अपने ससुराल जा रही थी। रास्ते में गगहा कस्बे के पास बाइक सवार बदमाश ने महिला के गले से मंगलसूत्र लूट लिया था। महिला की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी थी।
सोमवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी मंगलसूत्र बेचने जा रहा है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने उसकी घेराबंदी की तो आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी और पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस ने उसके पास से लूटा गया मंगलसूत्र, तमंचा, कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक को बरामद कर लिया है।
लुटेरे पर दर्ज हैं सात केस
गोरखपुर के बड़हलगंज इलाके के रहने वाले बदमाश पर सात मुकदमे दर्ज हैं। 2011 से क्राइम की दुनिया में आए इस लुटेरे ने पहली वारदात मुम्बई में की थी। जीआरपी बोरीबली मुम्बई में उसके ऊपर केस दर्ज हुआ था। उसके बाद बड़हलगंज में तीन, गगहा में दो और झंगहा में एक केस दर्ज है। पुलिस पर फयारिंग के मामले में गगहा पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत भी केस दर्ज किया है।
बाइक से लिफ्ट दिया और रास्ते में की लूट
देवरिया की एकौना थाना क्षेत्र के बैदा गांव निवासी दिनेश पाल की पत्नी किरन का गगहा थाना क्षेत्र के गजपुर में मायके है। वह 16 जून को अपने मायके से बैदा गांव जाने को निकली थी। पाण्डेयपार अंडर पास के पास गन्ने का जूस पी रही थी। महिला ने तहरीर में बताया कि वहीं पर एक व्यक्ति उससे मिला और उसने पूछा कहां जाना है। महिला ने बताया कि उसे बैदा गांव जाना है। युवक ने कहा कि उसे भी वहीं जाना है। मैं छोड़ देता हूं। उसने बाइक पर बैठा लिया और पड़पुरवा नहर पर ले जाकर महिला को बाइक से उतार दिया और गले से मंगलसूत्र लूट कर वहीं पर धक्का देकर भाग निकला।
क्या बोली पुलिस
गोरखपुर के एसपी साउथ जितेन्द्र कुमार ने बताया कि बाइक सवार संदिग्ध युवकों की पुलिस चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार युवक को रोकने का प्रयास किया गया तो वह पुलिस टीम पर फायरिंग कर फरार होने का प्रयास किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में युवक के पैर में गोली लगी उसे पकड़कर अस्पताल में भर्ती कराने के साथ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
चेन लुटेरों ने बढ़ाई गोरखपुर पुलिस की मुश्किल
आधी आबादी को निशाना बनाने वाले लुटेरों ने गोरखपुर पुलिस का सिरदर्द बढ़ा दिया है। एक सप्ताह में लूट की सामने हुई चार घटनाओं में एक लुटेरे के मुठभेड़ में पकड़े जाने के बाद पुलिस को थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन अब भी तीन वारदात के खुलासे का इंतजार है।
शहर से लेकर फोरलेन व मुख्य मार्ग पर घूम रहे ये बदमाश सुनसान स्थान मिलने पर महिलाओं को निशाना बना रहे हैं। गगहा की महिला जब मायके से ससुराल के लिए निकली तो अकेली महिला को लिफ्ट देने के बहाने बदमाश ने बाइक पर बैठाकर रास्ते में उसके गले से मंगलसूत्र लूट लिया। वहीं, शाहपुर में महिला सुबह घर के सामने टहल रहीं थीं। उन्हें अकेला देखकर लुटेरे ने मंगलसूत्र लूटने के साथ ही उनके कान की बाली भी नोच लिया था। उसी दिन दोपहर में चौरीचौरा में भी एक महिला को बदमाश ने शिकार बनाया। इसी बीच चिलुआताल के मंजनू चौकी क्षेत्र में लुटेरे के शिकार एक दम्पति बन गया। पति के साथ घर लौट रही महिला के गले से मंगलसूत्र बदमाश ने लूट लिया।
मंगलसूत्र लुटेरे पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
गोरखपुर के चिलुआताल थाना क्षेत्र के कौड़िया-कालेसर फोरलेन पर पति के साथ घर लौट रही महिला से मंगलसूत्र लूटने के मामले में पति की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। बरियारपुर निवासी दिलीप मझवार ने तहरीर में बताया कि 21 जून को अपनी पत्नी रजनी के साथ नौका विहार घूमने गया था। रात लगभग 8:30 बजे कालेसर होते हुए घर वापस आ रहा था। बाइक सवार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।