यूपी कैटेट 2025 के टॉपर कौशल सिंह के घर मन रहा जश्न, जानिए कैसे की थी तैयारी?
कौशल ने बताया कि वह प्रतिदिन कम से कम 8 घंटे पढ़ाई करते हैं। सोशल मीडिया से दूर रहते हैं। तैयारी के दौरान स्मार्ट फोन को भी बिलकुल दूर कर दिया था। कहा कि छात्रों को किताबों से प्रेम होना चाहिए। प्रतिदिन 7-8 घंटे पढ़ाई कर सफलता हासिल की जा सकती है। छात्रों को हमेशा शिक्षक को फॉलो करना चाहिए।

UPCATET 2025: यूपी-कैटेट 2025 प्रवेश परीक्षा स्नातक रिजल्ट में टॉप करने वाले कुशीनगर के कौशल सिंह ने सोशल मीडिया से दूर रहकर और रोजाना आठ घंटे पढ़ाई कर यह सफलता हासिल की। उसके टॉप करने की जानकारी पर परिवार खुशी से झूम उठा। नीट में भी कौशल ने इस बार अच्छी रैंक हासिल की है।
कुशीनगर के देवपोखर निवासी भीम सिंह के इकलौते पुत्र कौशल सिंह शुरू से पढ़ाई में होनहार रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2020 में हाईस्कूल में पावानगर महावीर इंटरमीडिएट कॉलेज फाजिलनगर से 85 फीसदी और वर्ष 2022 में उसी विद्यालय से इंटरमीडिएट 75 प्रतिशत अंक के साथ उत्तीर्ण किया।ajay
कौशल के पिता भीम सिंह नाइजीरिया में नौकरी करते हैं, जबकि माता सावित्री सिंह गृहिणी है। बहन रिया नौवीं की छात्रा है। उनकी उपलब्धि की जानकारी होने पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। कौशल ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों व शुभचिंतकों को दिया है।
दोनों दोस्तों ने हासिल की पहली और दूसरी रैंक
कोटा में एक साथ तैयारी करने वाले कौशल और उसके दोस्त हर्षित ने नीट क्वालिफाई करने के साथ कैटेट स्नातक में भी पहली और दूसरी रैंक हासिल की है। कौशल ने बताया कि कोटा में वह सुल्तानपुर के हर्षित के साथ तैयारी करते थे। दोनों सहपाठी होने के साथ अच्छे दोस्त हैं। कौशल ने बताया कि हर्षित के नीट में 567 अंक हैं।
नीट में भी मिले हैं 569 नंबर
कौशल कोटा में नीट की तैयारी कर रहे थे। तीन साल की मेहनत की बदौलत कौशल ने इस बार नीट क्वालिफाई करते हुए 569 अंकों के साथ 5700वीं रैंक प्राप्त की है। बताया कि कैटेट विकल्प के लिए दिया था, ताकि नीट में सफलता हासिल न होने पर बीटेक फूड प्रोसेसिंग या बीटेक बायो टेक्नोलॉजी में दाखिला मिल सके।