'अपने अंतिम दौर में भाजपा', उपचुनाव में जीते कांग्रेस, आप और TMC, क्यों गदगद अखिलेश?
गुजरात, बंगाल, पंजाब और केरल के उपचुनाव में भले ही सपा नहीं उतरी थी लेकिन यहां से आए रिजल्ट से अध्यक्ष अखिलेश यादव गदगद हैं। उन्होंने यहां तक दावा कर दिया कि भाजपा अपने अंतिम दौर में है। यह भी कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव देश की राजनीति बदलने वाला होगा।

कई राज्यों में हुए उपचुनाव के रिजल्ट सोमवार को घोषित हो गए। इस उपचुनाव में सपा भले कहीं नहीं लड़ी लेकिन इसके रिजल्ट से सपा प्रमुख अखिलेश यादव गदगद हैं। अखिलेश यादव ने यहां तक कह दिया कि रिजल्ट बता रहा है कि भाजपा अपने अंतिम दौर में है। अखिलेश ने यह भी कहा कि 2027 में यूपी विधानसभा का चुनाव देश की राजनीति बदलने वाला साबित होगा। चुनावों में भाजपा की धांधली व षडयंत्र को रोकना होगा। भाजपा की साजिशों से सावधान रहना होगा। समाजवादी पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर बूथ स्तर तक पार्टी संगठन को मजबूत बनाकर भाजपा का सफाया करना होगा।
अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा कि गुजरात, प. बंगाल, पंजाब, केरल के विधानसभा उपचुनावों में 80% सीटों पर ‘इंडिया गठबंधन’ से संबद्ध दलों की जीत बता रही है कि भाजपा अपने अंतिम दौर में है। सभी विजयी उम्मीदवारों को हार्दिक बधाई एवं सकारात्मक-जनसेवी राजनीति के मार्ग पर वचनबद्ध होकर चलने के लिए शुभकामनाएँ! कहा कि जनता की जागरूकता ही परिवर्तन लाएगी। ’INDIA’ ही इंडिया को आगे ले जाएगा!
वहीं, अखिलेश ने पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पहले स्टैण्डअप कॉमेडियन राजीव निगम की ‘बहुत हुआ सम्मान’ कामेडी को सबने सराहा। समाजवादी पार्टी पीडीए की रणनीति से भाजपा को हराने का काम करेगी। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा षडयंत्रकारी पार्टी है। समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता सावधानी के साथ बूथ को मजबूत करने और वोटर लिस्ट को ठीक कराने का काम करें। वोटर लिस्ट में नए वोटरों और छूटे वोटरों का नाम जुड़वाना है। जनता के बीच पहुंच कर भाजपा के साजिश और षडयंत्र का पर्दाफाश करना है।
जनता ने लोकसभा चुनाव में भाजपा को सबक सिखाया है। अयोध्या में जनता ने भाजपा को हराकर उसकी साम्प्रदायिक राजनीति का अंत कर दिया है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा का सफाया करने जा रही है। गौरतलब है कि उपचुनाव में पंजाब और गुजरात में आप को सफलता मिली है। टीएमसी ने बंगाल में पहले से ज्यादा मार्जिन से सीट जीती है। कांग्रेस ने केरल में सत्ताधारी वाम मोर्चे को हरा दिया है।
दरअसल, लोकसभा चुनाव में मिली भारी जीत के बाद यूपी में हुए उपचुनाव में सपा को हार का सामना करना पड़ा था। यहां तक कि अयोध्या की मिल्कीपुर और कुंदरकी जैसी परंपरागत सीटें भी सपा हार गई थी। इसके बाद भाजपा ने लोकसभा चुनाव में सपा को मिली जीत तो तुक्का बताया था। अब भाजपा की हार में सपा को अपनी भी जीत नजर आ रही है।