Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़Before 2017 D company was a partner in development works Yogi s big attack on Akhilesh yadav

2017 पहले दाउद और 'डी' कंपनी होती थी पार्टनर, योगी का अखिलेश यादव पर बड़ा हमला

गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे का शुभारंभ करने के बाद आयोजित जनसभा में सीएम योगी ने अखिलेश यादव पर बड़ा हमला बोला। कहा कि विकास कार्यों में 2017 से पहले 'डी' कंपनी पार्टनर होती थी।

Yogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तानFri, 20 June 2025 07:06 PM
share Share
Follow Us on
2017 पहले दाउद और 'डी' कंपनी होती थी पार्टनर, योगी का अखिलेश यादव पर बड़ा हमला

आजमगढ़ में गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस का उद्घाटन करने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा की पिछली सरकार और अखिलेश यादव पर बड़ा हमला बोला है। सीएम ने कहा कि वे विकास नहीं करते थे। वे मुंबई की डी कंपनी के साथ पार्टनरशिप करते थे। वे दाऊद गिरोह को पालते थे। उनके साथ मिलकर बंदरबांट करते थे। सुरक्षा में सेंध लगाते थे। कोई आतंकी वारदात होती थी तो बदनाम आजमगढ़ होता था। पहचान का संकट मेरे नौजवानों के सामने आता था। आज ऐसा नहीं है। देश की सुरक्षा में कोई सेंध लगाएगा और पहचान का संकट आएगा तो उसे पहले ही जहन्नुम का टिकट दे दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे नहीं बनवाया। महाराज सुहेलदेव के नाम पर विश्वविद्यालय नहीं बनाया। वे विकास नहीं करते थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास का कोई विकल्प नहीं हो सकता। जो लोग जाति के नाम पर बांटते हैं, वे जब सत्ता में तो थे अपने परिवार की बात करते थे। अभी 60 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की भर्ती हुई है। क्या किसी से पैसा मांगा गया, कोई सिफारिश करवानी पड़ी। हर जाति, हर संप्रदाय से जुड़े लोग भर्ती हुए हैं। इनमें 12 हजार से अधिक बेटियां हैं। यही भर्ती वर्ष 2017 से पहले होती तो चाचा-भतीजा झोला लेकर वसूली के लिए निकल गए होते। पैसे लेकर भी भर्ती नहीं होती और उसके बगैर तो होती ही नहीं। अब कोई भेदभाव नहीं है। सबकी अवसर मिल रहा है।

ये भी पढ़ें:गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे नहीं फोर लेन हाईवे, अखिलेश बोले- योगी को अंतर नहीं पता

मथुरा-वृंदावन की तरफ हम भिड़ चुके हैं

सीएम ने कहा कि महाकुंभ, अयोध्या में रामजन्म भूमि पर भगवान राम के भव्य मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम, मां विंध्यवासिनी धाम और चित्रकूट धाम को आज एक नई पहचान दिला रहे हैं। अब तो हम मथुरा-वृंदावन की तरफ भिड़ चुके हैं। वहां हमारा कार्य प्रारंभ हो चुका है। यह नए भारत का नया उत्तरप्रदेश है। जिसमें सबकी भागीदारी होगी। कोई भेदभाव नहीं होगा। उत्तर प्रदेश ने विरासत और विकास के बीच एक अद्भुत संबंध स्थापित किया है।

जाति की भी चिंता नहीं, सिर्फ परिवार देखा

सपा पर हमलावर सीएम ने कहा कि उन्होंने अपनी जाति की भी चिंता नहीं की। सिर्फ अपने परिवार की चिंता की। किसी गैर सैफई वासी को आजमगढ़ से सांसद बनाकर भेजने का काम भाजपा ने ही किया था। निरहुआ और नीलम सोनकर के सांसद बनने के बाद आजमगढ़ का विकास तेजी से हुआ था।

लखनऊ से तीन घंटे में पहुंचेंगे गोरखपुर

सीएम योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से गोरखपुर को जोड़ने वाले 91.352 किमी लंबे लिंक एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया। इसके निर्माण पर करीब 7283 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इस एक्सप्रेस-वे के बनने से लखनऊ से गोरखपुर का 283 किमी का सफर छह से सात घंटे की बजाय अब तीन घंटे में पूरा होगा।

लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |
अगला लेखऐप पर पढ़ें