Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़Axiom4Mission Orbiting at speed of 7.5 km Shubhanshu sent the first message from space Yogi congratulated

7.5 किमी की रफ्तार से कर रहा परिक्रमा, शुभांशु ने अंतरिक्ष से भेजा पहला संदेश, योगी ने दी बधाई

लखनऊ के रहने वाले शुभांशु शुक्ला अंतरिक्ष की यात्रा पर निकले हैं। उन्होंने बुधवार की दोपहर वहां से पहला संदेश भेजा। शुभांशु को सीएम योगी ने भी बधाई दी है और इसे भारत की वैज्ञानिक क्षमता और वैश्विक भागीदारी की अद्भुत मिसाल बताया।

Yogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तानWed, 25 June 2025 06:33 PM
share Share
Follow Us on
7.5 किमी की रफ्तार से कर रहा परिक्रमा, शुभांशु ने अंतरिक्ष से भेजा पहला संदेश, योगी ने दी बधाई

लखनऊ के रहने वाले Axiom4Mission के पायलट ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतरिक्ष की उड़ान पर निकले हैं। बुधवार को अंतरिक्ष से शुभांशु ने पहला संदेश भेजा है। उन्होंने कहा कि नमस्कार, मेरे प्यारे देशवासियों! क्या सफ़र है! हम 41 साल बाद वापस अंतरिक्ष में पहुंच गए हैं। यह एक अद्भुत सफ़र है। हम 7.5 किलोमीटर प्रति सेकंड की रफ़्तार से पृथ्वी की परिक्रमा कर रहे हैं। मेरे कंधों पर मेरा तिरंगा मुझे बताता है कि मैं आप सभी के साथ हूं। यह मेरी यात्रा अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) की शुरुआत नहीं है, ये भारत के मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम की शुरुआत है। मैं चाहता हूँ कि आप सभी इस सफ़र का हिस्सा बनें। आपका सीना भी गर्व से चौड़ा होना चाहिए। आइए हम सब मिलकर भारत के मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम की शुरुआत करें। जय हिंद! जय भारत!

वहीं शुभांशु की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उन्हें बधाई दी है। सीएम योगी ने ऐतिहासिक उड़ान भरने के लिए शुभांशु को हार्दिक बधाई देते हुए इस बड़ी उपलब्धि को भारत की वैज्ञानिक क्षमता और वैश्विक भागीदारी की अद्भुत मिसाल बताया। सीएम योगी ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा कि यह भारत के लिए गौरव का क्षण है। Axiom Mission 4 के मिशन पायलट ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत की इस अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष मिशन में भागीदारी हमारे वैज्ञानिक उत्कर्ष और वैश्विक सहयोग के प्रति अटूट संकल्प को दर्शाती है। आगामी मिशन के लिए हार्दिक शुभकामनाएं। जय हिंद।

ये भी पढ़ें:शुभ हो, सफल हो; अंतरिक्ष यात्रा पर गए शुभांशु की मां लखनऊ में कर रहीं प्रार्थना

ड्रैगन कैप्सूल के माध्यम से भर रहे उड़ान

भारतीय वायुसेना के एक अनुभवी टेस्ट पायलट ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अमेरिका के फ्लोरिडा से अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) की ओर रवाना हुए। वह इस मिशन में SpaceX के ड्रैगन कैप्सूल के माध्यम से उड़ान भरने वाले पहले भारतीय बन गए हैं, जो 1984 में राकेश शर्मा के बाद किसी भारतीय की पहली मानव अंतरिक्ष यात्रा है।

लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |
अगला लेखऐप पर पढ़ें