दूसरे का अपॉइंटमेंट लेटर एडिट कर पहुंची पुलिस लाइन, वर्दी के लिए युवती ने किया गजब फर्जीवाड़ा
आगरा की मीनाक्षी नियुक्ति पत्र लेकर पुलिस लाइन पहुंची और दस्तावेज जमा कराए। इसी दौरान जांच में लगे पुलिस अधिकारियों को नियुक्ति पत्र फर्जी होने का शक हुआ। इसकी गहनता से जांच की गई। पुलिस ने मीनाक्षी से भी सख्ती से पूछताछ की। अंत में उसकी पोल खुल गई। हकीकत सामने आई तो सब दंग रह गए।

उत्तर प्रदेश के पुलिस विभाग में चल रही आरक्षी भर्ती में फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। आगरा से एक युवती आरक्षी भर्ती के लिए फर्जी नियुक्ति पत्र लेकर शनिवार को सहारनपुर की पुलिस लाइन पहुंची। पुलिसकर्मियों ने जब उसके दस्तावेज चेक किए तो नियुक्ति पत्र फर्जी निकला। युवती ने एडिट कर फर्जी नियुक्ति पत्र लाना स्वीकार किया है। आगरा की रहने वाली इस युवती को तत्काल हिरासत में ले लिया गया। उसके खिलाफ कोतवाली सदर बाजार में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।
सहारनपुर पुलिस लाइन में इन दिनों आरक्षी भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। इसी दौरान आगरा जैतपुर कलां के खेड़ा राठौर गांव निवासी युवती मीनाक्षी नियुक्ति पत्र लेकर पुलिस लाइन पहुंची और पुलिसकर्मियों को गुमराह करते हुए दस्तावेज जमा कराए। इसी दौरान जांच में लगे पुलिस अधिकारियों को नियुक्ति पत्र फर्जी होने का शक हुआ। इसकी गहनता से जांच की गई और मीनाक्षी से भी पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की।
तब, महिला ने नियुक्ति पत्र फर्जी होना बताया। महिला ने पुलिस को जानकारी दी कि उसने आगरा में ही किसी अन्य आरक्षी का नियुक्ति पत्र लेकर एडिट कर अपना नियुक्ति पत्र बना लिया था। उसे उम्मीद नहीं थी कि वह पकड़ी जाएगी। उसे लगा था कि उसने इतनी सफाई से फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार किया है कि किसी को उस पर शक नहीं होगा।
हालांकि दस्तावेजों की जांच के दौरान पुलिसवालों को शक हो गया। फिर लड़की की पोल खुलते देर नहीं लगी। पोल खुलने के बाद पुलिस ने तुरंत ही आरोपी लड़की को हिरासत में ले लिया। इसके पश्चात उससे विस्तार से पूछताछ की गई। लड़की के खिलाफ कोतवाली सदर बाजार में मुकदमा दर्ज किया गया है।
क्या बोले एसएसपी
एसएसपी रोहित सजवाण ने कहा कि युवती फर्जी नियुक्ति पत्र लेकर आई थी, जिसको दस्तावेजों की जांच के दौरान पकड़ लिया गया है। आरोपी युवती के खिलाफ कोतवाली सदर बाजार में मुकदमा दर्ज किया गया है। वो पुलिस की हिरासत में है।