मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती किशोरी के साथ दरिंदगी, तीमारदार ने बाथरूम में बंधक बनाकर किया रेप
यूपी के मेरठ मेडिकल कॉलेज में एक 13 साल की किशोरी के साथ दरिंदगी की घटना सामने आई हैं। यहां एक तीमारदार ने बाथरूम में किशोरी को बंधक बनाकर रेप किया है।

यूपी के मेरठ मेडिकल कॉलेज के हड्डी विभाग के वार्ड में भर्ती 13 साल की किशोरी के साथ दूसरे मरीज के तीमारदार ने रेप की वारदात को अंजाम दिया। शनिवार देररात बाथरूम में किशोरी को बंधक बनाकर रेप किया गया। वारदात के बाद आरोपी मेडिकल से फरार हो गया। बच्ची की मां की तहरीर पर मेडिकल थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बच्ची का मेडिकल कराया गया है। पुलिस घटना को लेकर सीसीटीवी फुटेज जुटा रही है।
इंचौली क्षेत्र निवासी 13 साल की किशोरी के पैर में परेशानी है। किशोरी को 20 जून को मेरठ मेडिकल कॉलेज के हड्डी वार्ड में भर्ती कराया गया था। इसी वार्ड में काशीपुर (मुरादाबाद) निवासी मोहित भर्ती है। मोहित का एक पैर दुर्घटना में कट गया था और ऑपरेशन मेडिकल में हुआ था। मोहित के साथ उसका भाई रोहित तीमारदार था। किशोरी शनिवार रात बाथरूम गई थी।
इसी दौरान रोहित ने किशोरी को बाथरूम में बंधक बनाकर रेप किया। घटना की जानकारी सुबह हुई, जिसके बाद किशोरी की मां ने पहले डॉक्टरों और इसके बाद पुलिस को सूचना दी। आरोपी रोहित देररात मेडिकल कॉलेज से फरार हो चुका था। बच्ची के बयान लिए गए, जिसमें रेप की पुष्टि की गई। इसके बाद बच्ची को मेडिकल के लिए भेजा गया। रविवार रात करीब 10 बजे आरोपी रोहित को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी से पूछताछ में रेप की पुष्टि हुई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज जुटा रही है।
मेरठ एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के आर्थो वार्ड में भर्ती 13 वर्षीय किशोरी के साथ एक अन्य मरीज के तीमारदार ने रेप किया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई प्रचलित है।