इटावा कथावाचक कांड में बवाल पर 19 अरेस्ट, 4 गांवों में उपद्रवियों के लिए पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी
यूपी के इटावा में कथावाचक कांड में बवाल के बाद पुलिस ने 19 लोगों को गिरफ्तार कर ली है। इसके साथ ही 13 बाइकें और सपा का झंडा लगी एक कार सीज की है। 4 गांवों में उपद्रवियों के लिए पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी है। फिलहाल स्थिति सामान्य है।

यूपी में इटावा के दांदरपुर में कथावाचक मुकुट मणि यादव व संत सिंह यादव के साथ हुई अभद्रता और रिपोर्ट दर्ज होने से नाराज यादव समाज के लोगों ने गुरुवार को थाने के साथ ही दांदरपुर गांव में जमकर बवाल किया। यादव महासभा के पदाधिकारी गगन यादव के आह्वान पर जुटे सैकड़ों युवा पहले पुलिस पर भारी पड़ गए। करीब आधा घंटे तक पुलिस से नोकझोंक करने के साथ ही पथराव करते रहे। हाईवे भी जाम रखा। पुलिस की एक गाड़ी के शीशे तक तोड़ डाले। हालात बेकाबू होते देख कई और थानों की पुलिस बुलानी पड़ी। इसके बाद पुलिस ने लाठियां पटककर लोगों को खदेड़ा। पुलिस को दो राउंड हवाई फायरिंग भी करनी पड़ी। पुलिस ने माहौल बिगाड़ने के आरोप में 19 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही 13 बाइकें और सपा का झंडा लगी एक कार सीज की है। चार गांवों में प्रदर्शनकारियों की तलाश की जा रही है। फिलहाल स्थिति सामान्य है।
दांदरपुर में विरोध प्रदर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में यादव समाज के युवा पहुंचे थे। दो पहिया, चार पहिया वाहनों के अलावा पैदल भी पहुंचे। औरैया, कानपुर देहात, फर्रुखाबाद, मैनपुरी, कन्नौज के कार्यकर्ता योजना बनाकर गुरुवार सुबह 10 बजे से बकेवर पहुंचने लगे थे। दोपहर तक बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए थे। ये लोग हाथों में अहीर रेजीमेंट बनाने की मांग वाला बैनर भी हाथ में लिए थे। थाने के सामने पहुंचकर पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद और अखिलेश यादव जिंदाबाद के नारे लगाए। हाईवे पर जाम लगाया और दांदरपुर जाने वाले रास्ते के बीच में पुलिस के रोकने पर पथराव किया।
इन 19 आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
रिषभ यादव, बकेवर, अर्पित नौगवां बकेवर, अनुज यादव अलियापुर भरथना, दीपक राठौर विजय नगर फ्रेंड्स लोनी, हिमांशु यादव नारायन नगर फ्रेंड्स कालोनी, सौरभ गोरादयालपुर चौबिया, शिवम आईटीआई चौराहा, शिवम न्यू मंडी फ्रेंड्स कालोनी, अंकित अशोक नगर फ्रेंड्स कालोनी, उत्कर्ष गिरधारीपुरा भरथना, अतुल यादव गिरधारीपुरा भरथना, वीरेन्द्र मोहन प्रताप सिंह ज्ञानपुर भरथना, लकी व रजत निवासी नगला प्राण इकदिल समेत 19 लोग।
भागवताचार्यों के सम्मान से उत्साह, रिपोर्ट से फूटा गुस्सा
भागवताचार्यों के साथ हुई अभद्रता को लेकर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने 23 जून को एक्स पर निंदा की थी। अगले दिन लखनऊ में दोनों को सम्मानित किया। पुलिस ने जब दोनो पर रिपोर्ट दर्ज की तो गुस्सा फूट पड़ा।
उपद्रव के बाद दांदरपुर पहुंचे भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष
घटना के बाद भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष शिवमहेश दुबे दांदरपुर गांव पहुंचे और ग्रामीणों से मिलकर उनकी बात सुनकर उन्हें भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि उपद्रवियों से कतई डरने की जरुरत नहीं है। सरकार सच के साथ है जांच हो रही है। निर्दोष पर कार्रवाई नहीं होगी और दोषी को बख्सा नहीं जाएगा। साथ ही कहा यह पूरा घटनाक्रम एक साजिश का हिस्सा है। जाति के नाम पर हिन्दू समाज को बांटा जा रहा है। वह दोनों कथावाचक अपराधी थे, दोनों के पास दो-दो आधारकार्ड थे।
एक दिन पहले किया था प्रदर्शन का ऐलान
यादव महासभा के पदाधिकारी गगन यादव ने मामले में मोर्चा खोल दिया था। बुधवार को उन्होंने 26 जून को सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ इटावा आने का ऐलान किया था। पोस्टर जारी कर यात्रा की घोषणा भी की गई थी। इसी क्रम में सैकड़ों युवा बकेवर थाने पहुंचे थे। जब उन्हें पता चला कि गगन यादव को नजरबंद कर दिया गया है तो वे उग्र हो गए और हाईवे जाम कर बवाल करने लगे।