जैसलमेर में दिखा धूल भरा तूफान, मां-बेटी की मौत; कई इलाकों में गरज-बरस के साथ येलो अलर्ट जारी-VIDEO
आईएमडी ने बताया कि राज्य में कुछ स्थानों में मेघगर्जन के साथ वज्रपात और मध्यम वर्षी भी दर्ज की गई है। बदलते मौसम से सतर्क रहने के लिए की इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

राजस्थान के जैसलमेर में धूलभरी आंधी का कहर जारी है। इलाके में चल रहीं रेतीली हवाओं के चलते दृश्यता कम हो गई है। लोगों को आने-जाने में और गाड़ियों को चलाने में खासी समस्या हो रही है। आईएमडी ने बताया कि राज्य में कुछ स्थानों पर मेघगर्जन के साथ वज्रपात और मध्यम वर्षा भी दर्ज की गई है। बदलते मौसम से सतर्क रहने के लिए की इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर द्वारा सुबह नौ बजे चेतावनी जारी करते हुए बताया कि सीकर, दौसा, जयपुर, टोंक जिलों और उसके आसपास के क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर मेघगर्जन/हल्की वर्षा/आकाशीय बिजली/तेज सतही हवा चलने की संभावना है। इसके लिए इन इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बताया कि यहां 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
आंधी और तेज हवाओं के चलने से कई इलाकों में बिजली के तार गिरने की खबरें हैं, इससे इलाकों में बिजली आपूर्ति में समस्या उतपन्न हो रही है। वहीं कल शनिवार देर रात खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी शहर में आंधी से एक मकान की दीवार ढह गई। दीवार के मलबे में दबने से मां-बेटी की मौत हो गई।
राजस्थान में सर्वाधिक वर्षा नोहर (हनुमानगढ़) में 53 मिलीमीटर दर्ज की गई है। इस बारिश के बावजूद राज्य में कहीं-कहीं उष्ण लहर/ उष्ण रात्रि दर्ज की गई। राज्य में सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि यह तापमान सामान्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान अंता बारां में 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।