'जनता ने कांग्रेस-भाजपा दोनों को नकारा'; विधानसभा उपचुनाव में जीत पर और क्या बोले अरविंद केजरीवाल?
आम आदमी पार्टी ने गुजरात की विसावदर और पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीटों पर जीत दर्ज की। इस जीत पर आप नेता अरविंद केजरीवाल का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा- जनता ने कांग्रेस और भाजपा दोनों को नकार दिया है।

देश के चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के परिणाम आज सामने आ गए हैं। चार सीटों पर इंडिया गठबंधन ने जीत दर्ज की है, तो वहीं भाजपा ने गुजरात की कड़ी सीट पर जीत दर्ज की है। आम आदमी पार्टी ने गुजरात की विसावदर और पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीटों पर जीत दर्ज की। इस जीत पर आप नेता अरविंद केजरीवाल का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा- जनता ने कांग्रेस और भाजपा दोनों को नकार दिया है।
केजरीवाल ने एक्स पर लिखा- ये जीत दिखाती है कि पंजाब के लोग हमारी सरकार के कामों से बहुत ख़ुश हैं और उन्होंने 2022 से भी ज़्यादा वोट दिया है। गुजरात की जनता अब बीजेपी से परेशान हो चुकी है और उन्हें आम आदमी पार्टी में उम्मीद दिखाई दे रही है। दोनों जगह कांग्रेस और बीजेपी, दोनों पार्टियां मिलकर चुनाव लड़ीं। इन दोनों का एक ही मकसद था -“आप” को हराना। लेकिन लोगों ने दोनों जगह इन दोनों पार्टियों को नकार दिया।
केजरीवाल ने एक्स पर ट्वीट करते हुए लोगों को बधाई भी दी। उन्होंने लिखा, गुजरात की विसावदर और पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीटों पर आम आदमी पार्टी की शानदार जीत पर आप सबको बहुत बहुत बधाई। गुजरात और पंजाब के लोगों को बहुत बधाई और बहुत बहुत शुक्रिया। दोनों जगह पिछले चुनाव के मुक़ाबले लगभग दोगुने मार्जिन से जीत हुई है।
आम आदमी पार्टी (आप) दो सीटें जीती है। कांग्रेस, भाजपा और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) एक-एक सीट जीती है। गुजरात की विसावदर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार गोपाल इटालिया ने 17581 वोटों के अंतर से जीत दर्ज करते हुए भाजपा के निकट प्रतिद्वंद्वी किरीट पटेल को मात दी है। इटालिया को 75942 वोट मिले। जबकि उनके करीबी प्रतिद्वंद्वी किरीट पटेल को 58388 वोट मिले हैं।
वहीं पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीट पर आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार संजीव अरोड़ा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और कांग्रेस उम्मीदवार भारत भूषण आशु के खिलाफ कड़े चुनावी मुकाबले में 10,637 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। अरोड़ा को 35,179 वोट मिले, जबकि आशु को 24,542 वोट मिले। भाजपा के जीवन गुप्ता को 20,323 वोट मिले, जबकि शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) के उम्मीदवार परुपकर सिंह घुमन को 8,203 वोट मिले।