संबोधन:: छोटे उद्योग भारतीय अर्थव्यवस्था के मजबूत स्तंभ: मुर्मु
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि छोटे उद्योग भारतीय अर्थव्यवस्था के मजबूत स्तंभ हैं। उन्होंने कहा कि ये उद्योग रोजगार सृजन और सामाजिक समावेशन को बढ़ाते हैं। छोटे उद्योगों का जीडीपी में महत्वपूर्ण...

नई दिल्ली, एजेंसी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि छोटे उद्योग भारतीय अर्थव्यवस्था के मजबूत स्तंभ है। शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय एमएसएमई दिवस 2025 के उद्धाटन समारोह को संबोधित करते हुए ये बात कही। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि छोटे उद्योग रोजगार सृजन के साथ सामाजिक समावेशन को भी बढ़ाते हैं। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग न केवल देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं बल्कि जमीनी स्तर पर नवाचार को भी बढ़ावा देते हैं। छोटे उद्योग महिलाओं, युवाओं, ग्रामीण क्षेत्रों तथा वंचितों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर सामाजिक समावेशन को भी बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा, उद्योग क्षेत्र देश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना का जिक्र करते हुए कहा कि छोटे उद्योगों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है। विकसित भारत के सपने को साकार करने में योजनाओ का लाभ उठाना चाहिए। विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने में छोटे उद्योग महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। कृषि के बाद रोजगार का सबसे बड़ा क्षेत्र राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि देश की जीडीपी में छोटे उद्योगों का करीब 30 प्रतिशत, विनिर्माण में 36 प्रतिशत और निर्यात में 45 प्रतिशत का योगदान रहा है। यह क्षेत्र कृषि के बाद रोजगार का दूसरा सबसे बड़ा क्षेत्र है। इस क्षेत्र से पिछड़े और ग्रामीण क्षेत्र में रोजगार के अवसर पैदा होते हैं। इस तरह यह क्षेत्र कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण और विकास के विकेंद्रीकरण से समावेशी विकास में मदद करते हैं। चुनौतियों से निपटने के लिए नीतिगत बदलाव छोटे उद्योगों के सामने वित्त की समस्या के साथ साथ बड़ी कंपनियों से प्रतस्पिर्धा, अत्याधुनिक तकनीक की कमी, कच्चे माल और कुशल मानवश्रम की कमी, सीमित बाजार और भुगतान में देरी की दिक्कते हैं। राष्ट्रपति ने कहा, छोटे उद्योगों को इन चुनौतियों से निपटने में सक्षम बनाने के लिए सरकार ने कुछ नीतिगत बदलाव किए हैं। छोटे उद्योगों की परिभाषा बदलकर इनका दायरा बढाया गया है। डाक टिकट और पोर्टल का अनावरण राष्ट्रपति ने ऋण गारंटी निधि ट्रस्ट (सीजीटीएमएसई) के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में एक विशेष डाक टिकट जारी किया। ऑनलाइन विवाद समाधान (ओडीआर) पोर्टल के अनावरण के साथ एमएसएमई हैकाथॉन 5.0 का भी शुभारंभ किया। राष्ट्रपति 'एमएसएमई पत्रिका' और एक पुस्तिका 'अपने ऋणदाता को जानें' का विमोचन किया। कार्यक्रम में केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्री जीतन राम मांझी, राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे और खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग के अध्यक्ष मनोज कुमार समेत अन्य रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।