कांग्रेस ने AAP को धोखा दे दिया; अरविंद केजरीवाल ने बताया क्या हुई थी 'डील'
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के मुखिया ने गुजरात और पंजाब उपचुनाव में दो सीटों पर मिली जीत के बाद भाजपा और कांग्रेस पर जोरदार प्रहार किया है। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कांग्रेस भाजपा की विकल्प नहीं है, बल्कि उसकी गोद में बैठी हुई है।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के मुखिया ने गुजरात और पंजाब उपचुनाव में दो सीटों पर मिली जीत के बाद भाजपा और कांग्रेस पर जोरदार प्रहार किया है। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि गुजरात में कांग्रेस भाजपा की विकल्प नहीं है, बल्कि उसकी गोद में बैठी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व भाजपा के साथ मिला हुआ है। 'आप' के राष्ट्रीय संयोजक ने आरोप लगाया कि गुजरात में कांग्रेस ने उनकी पार्टी को धोखा दिया। उन्होंने बताया कि दोनों दलों के बीच उपचुनाव को लेकर एक समझौता हुआ था, जिसका कांग्रेस ने पालन नहीं किया।
केजरीवाल ने गुजरात की विसावदर और पंजाब की लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में पार्टी की दोहरी जीत का जश्न मनाने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित किया। गुजरात में कांग्रेस के साथ हुए समझौते की बात स्वीकार करते हुए केजरीवाल ने कहा कि उनकी पार्टी ने इसका पालन किया, लेकिन कांग्रेस ने धोखा दे दिया। उन्होंने कहा कि गुजरात में विधानसभा चुनाव के बाद उनके पांच विधायक भाजपा में चले गए थे और आप के एक विधायक ने भी ऐसा किया। इसको लेकर दोनों दलों में बातचीत हुई।
केजरीवाल ने कहा, 'कांग्रेस ने कहा था कि जिन 5 सीटों पर उनके विधायक बीजेपी में गए हैं, उनपर AAP चुनाव ना लड़े और जिस 1 सीट पर AAP का विधायक बीजेपी में गया, वहां कांग्रेस चुनाव नहीं लड़ेगी। उन पांच सीटों के चुनाव पिछली साल हुए, आप एक भी सीट पर नहीं लड़ी। 'आप' की सीट पर इस साल चुनाव हुआ, बीजेपी से आदेश आया, कांग्रेस मना नहीं कर सकती थी। कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी के साथ धोखा किया और अपना उम्मीदवार उतार दिया।'
कांग्रेस की टॉप मोस्ट लीडरशिप भाजपा से मिली हुई है: केजरीवाल
लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन करके लड़े केजरीवाल ने आरोप लगाया कि देश की सबसे पुरानी पार्टी का शीर्ष नेतृत्व भाजपा से मिला हुआ है। केजरीवाल ने कहा, 'उन्होंने हमें हराने के लिए अपना उम्मीदवार खड़ा किया। यह साफ दिखाता है कि कांग्रेस से उम्मीद नहीं है देश को। कांग्रेस बीजेपी के साथ है। कांग्रेस की टॉप मोस्ट लीडरशिप मिली हुई है। यह मैं पूरी जिम्मेदारी के साथ कह सकता हूं। पूरे सबूत हैं इस बात के। कांग्रेस का कार्यकर्ता खुद को ठगा महसूस करता है जब वह देखते हैं कि उनके ऊपर वाले बड़ी बड़ी बातें करते हैं, कभी शादी वाले घोड़े की बात करते हैं, कभी रेस वाले घोड़े की बात करते हैं (राहुल गांधी की ओर इशारा) और जाकर हाथ मिला लेते हैं बीजेपी के साथ। वह पांचों सीटें हमने छोड़ दी फिर भी वह हार गए। हम उनके लड़ने के बावजूद जीत गए।'