Hindi Newsलाइफस्टाइल न्यूज़हेल्थhow intermittent fasting can be beneficial in weight loss know different types

मलाइका अरोड़ा की तरफ व्रत रखकर कम करें मोटापा, यहां जानें 3 तरीके

उम्र कोई भी हो, फिट और सेहतमंद रहने की चाहत कम नहीं होती। इसी चाहत को पूरा करने में पिछले कुछ सालों से इंटरमिटेंट फास्टिंग की ओर लोगों का रुझान बढ़ा है। क्या है वजन घटाने का यह तरीका और कैसे इसे आजमाएं, बता रही हैं शमीम खान

Kajal Sharma हिन्दुस्तानFri, 20 June 2025 03:19 PM
share Share
Follow Us on
मलाइका अरोड़ा की तरफ व्रत रखकर कम करें मोटापा, यहां जानें 3 तरीके

हर उम्र में फिट और सेहतमंद रहने की चाह ने फिटनेस पाने के नए-नए तरीके प्रचलन में ला दिए हैं। इंटरमिटेंट फास्टिंग वजन घटाने और फिटनेस पाने के एक प्रभावी विकल्प के रूप में उभर रहा है। करीना कपूर और मलाइका अरोड़ा 50 की उम्र में भी अपनी फिटनेस और चमकदार त्वचा का श्रेय इंटरमिटेंट फास्टिंग और शाम छह या सात बजे तक रात का खाना खा लेने को देती हैं।

इंटरमिटेंट फास्टिंग सिर्फ वजन कम करने और फिटनेस पाने में ही मदद नहीं करती बल्कि मेटाबॉलिज्म को बेहतर बनाकर शरीर को स्वस्थ्य रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के अध्ययन के अनुसार हमारा मेटाबॉलिज्म शरीर की सर्कैडियन रिदम से प्रभावित होता है। जब भोजन सूर्यास्त के बाद खाया जाता है, तो शरीर में ग्लूकोज की प्रोसेसिंग उतने बेहतर तरीके से नहीं हो पाती है। यही वजह है कि रात का खाना शाम के वक्त खाने वजन घटाने की दिशा में प्रभावी साबित हो सकता है।

क्या है यह फास्टिंग?

इंटरमिटेंट फास्टिंग खाना खाने का एक विशेष पैटर्न है, जिसमें एक निश्चित अवधि तक कैलोरी का सेवन बिल्कुल नहीं किया जाता है। यह अवधि 12-14 घंटे तक हो सकती है। इस दौरान पानी, कॉफी और अन्य कैलोरी-मुक्त पेय पदार्थों का सेवन किया जा सकता है। हालांकि, कैलोरी युक्त किसी भी प्रकार के ठोस या पेय खाद्य पदार्थ लेने की मनाही होती है। अलग-अलग लोगों के लिए आदर्श समय-सीमा उनके शारीरिक स्वास्थ्य और मेटाबॉलिज्म के आधार पर अलग-अलग होती है। शुरुआत में उपवास अवधि 12 घंटे से अधिक नहीं होनी चाहिए। धीरे-धीरे आप उपवास के घंटे बढ़ा सकती हैं। इंटरमिटेंट फास्टिंग के कई तरीके चलन में हैं। अगर एक तरीका प्रभावी न लगे तो, आप दूसरा तरीका आजमा सकती हैं:

समय-प्रतिबंधित भोजन

इसमें प्रतिदिन 12 घंटे या उससे अधिक समय तक उपवास करना और बचे हुए घंटों में भोजन करना शामिल है। 16/8 विधि इसका सबसे अच्छा उदाहरण है। इस विधि में लगातार 16 घंटे तक उपवास किया जाता है और बचे हुए 8 घंटे की अवधि में, आप दो-तीन या उससे अधिक बार भोजन कर सकती हैं।

5:2 आहार

इंटरमिटेंट फास्टिंग का यह तरीका तुलनात्मक रूप से सरल है। इसमें सप्ताह में पांच दिन सामान्य खाना खाया जाता है और बाकी दो दिनों में कैलोरी सेवन को 500-600 तक सीमित रखने की सलाह दी जाती है।

क्या हैं इसके फायदे

इंटरमिटेंट फास्टिंग से वजन घटाने में मदद मदद मिलती है। इंटरमिटेंट फास्टिंग के दौरान दिन के कुछ घंटों में लो कैलोरी और हेल्दी डाइट का सेवन किया जाता है। इससे शरीर में अतिरिक्त कैलोरी इकट्ठा नहीं होती और धीरे-धीरे अतिरिक्त चर्बी कम होने लगती है।

नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ के अनुसार इंटरमिटेंट फास्टिंग को अपनाने से अचानक से शुगर के स्तर को बढ़ने से रोका जा सकता है। डायबिटीज से ग्रस्त लोगों को डॉक्टरी सलाह के बाद ही इसे आजमाना चाहिए।

इंटरमिटेंट फास्टिंग से शरीर में कोलेस्ट्रॉल और ट्राइग्लिसराइड का स्तर नियंत्रित बना रहता है। दरअसल, नियमित रूप से इसे आजमाने से खानपान की आदतों में सुधार आने लगता है। इससे हृदय से संबधी समस्याएं कम हो जाती हैं।

सेहतमंद खाना खाने से मस्तिष्क में नई कोशिकाओं का निर्माण होता है, जिससे मानसिक तनाव और भूलने की समस्या हल होने लगती है।

गर्भावस्था में इसे न आजमाएं

इंटरमिटेंट फास्टिंग को गर्भावस्था के दौरान जोखिम भरा माना जाता है। कोई भी स्वास्थ्य विशेषज्ञ गर्भावस्था के दौरान इसे करने की सलाह नहीं देते हैं। अगर गर्भावस्था के दौरान खानपान में बड़ा बदलाव किया जाता है, तो मां और बच्चे दोनों में पोषक तत्वों की कमी और कई दूसरी तरह की स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। उपवास करने से हार्मोन के स्तर में भी बदलाव आ सकता है। गर्भावस्था के दौरान मां के शरीर में पोषक तत्वों की कमी गर्भस्थ शिशु के शारीरिक-मानसिक विकास को प्रभावित कर सकती है। अमेरिकन कॉलेज ऑफ ऑब्सटेट्रिशियन एंड गाइनेकोलॉजिस्ट्स के अनुसार गर्भवती महिलाओं को डॉक्टरी सलाह के बिना डाइट में बदलाव नहीं करना चाहिए।

योद्धा आहार

योद्धा आहार इंटरमिटेंट फास्टिंग का एक लोकप्रिय तरीका है। इस पद्धति में, आप दिन के दौरान फलों और कच्ची सब्जियों का सेवन कर सकती हैं और रात में सामान्य भोजन कर सकती हैं।

मलाइका की पसंद

अपनी फिटनेस और स्टाइल के लिए मशहूर मलाइका अरोड़ा भी इंटरमिटेंट फास्टिंग करती हैं। एक इंटरव्यू में वह कहती हैं, 'इसने मेरे लिए जादू की तरह काम किया है। मैं हर दूसरे दिन 17 घंटे इंटरमिटेंट फास्टिंग करती हूं और बचे सात घंटे में मैं सब कुछ खाती हूं।'

(एशियन हॉस्पिटल में हेड डायटिशियन कोमल मलिक से बातचीत पर आधारित)

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें