495 रनों के जवाब में श्रीलंका का धमाकेदार जवाब, पथुम निसांका दोहरे शतक से चूके
श्रीलंका ने बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट के तीसरे दिन शुक्रवार को पहली पारी में चार विकेट पर 368 रन बनाए। पथुम निसांका ने अपनी 187 रनों की पारी में 256 गेंदों का सामना किया। उन्होंने अपनी पारी में 23 चौके और एक छक्का लगाया।

पथुम निसांका की शतकीय पारी के दम पर श्रीलंका ने पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन का खेल समाप्त होने के समय चार विकेट पर 368 रन बना लिए हैं। बांग्लादेश ने पहली पारी में 495 रन बनाये थे, जिससे श्रीलंकाई टीम 127 रन पीछे है। अपने देश में पहला टेस्ट शतक जड़ने वाले निसांका दोहरे शतक से मामूली अंतर से चूक गए जब उन्हें हसन महमूद ने क्लीन बोल्ड किया।
सुबह के सत्र में बंगलादेश को 495 रन के स्कोर पर समेटने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी पथुम निसांका और लहिरू उदारा की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 47 रन जोड़े। 22वें ओवर में लहिरू उदारा (29) तैजुल इस्लाम ने अपनी ही गेंद पर कैच आउट कर बंगलादेश को पहली सफलता दिलाई। इसे बाद बल्लेबाजी करने आये दिनेश चांदीमल ने पथुम निसांका के साथ दूसरे विकेट लिए 157 रन जोड़े। 51वें ओवर में नईम हसन ने दिनेश चांदीमल (54) को आउटकर इस साझेदारी का अंत किया।
पथुम निसांका दोहरे शतक से चूके
एंजलो मैथ्यूज (39) तीसरे विकेट के रूप में आउट हुए। हसन महमूद ने दोहरे शतक की ओर बढ़ रहे पथुम निसांका को बोल्ड कर बांग्लादेश को बड़ी सफलता दिलाई। पथुम निसांका ने अपनी 187 रनों की पारी में 256 गेंदों का सामना किया। उन्होंने अपनी पारी में 23 चौके और एक छक्का लगाया। यह दिन का खेल समाप्त होने के समय श्रीलंका के लिए बड़ा झटका रहा।
दिन का खेल समाप्त होने के समय श्रीलंका ने 93वें ओवर में चार विकेट पर 368 रन बना लिये है। वह अभी भी बंगलादेश के पहली पारी में बनाये गये स्कोर से 127 रन पीछे है। कामिंडु मेंडिस (नाबाद 37) और कप्तान धनंजय डीसिल्वा (नाबाद 17) क्रीज पर मौजूद है। बांग्लादेश की ओर से तैजुल इस्लाम, नईम हसन, हसन महमूद और मोमिनुल हक ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इससे पहले बंगलादेश ने कल के नौ विकेट पर 484 रन आगे खेलना शुरु किया। सुबह के सत्र में बंगलादेश ने कल के स्कोर में 11 रन जोड़े थे कि असिता फर्नांडो ने नाहिद राणा (शून्य) को विकेटकीपर कुसल मेंडिस के हाथों कैच आउट कराकर बंगलादेश की पारी का अंत पांच सौ के आंकड़े से पहले 495 के स्कोर पर कर दिया। हसन महमूद सात रन बनाकर नाबाद रहे।
इससे पहले मुशफिकुर रहीम ने (163), कप्तान नजमुल शान्तो ने (148) रनों की शतकीय तथा लिटन कुमार दास ने (90) रनों की अर्धशतकीय पारी खेलकर बंगलादेश को बड़ा स्कोर खड़ा करने में अहम योगदान दिया। इन तीनों बल्लेबाजों के अलावा बंगलादेश का कोई अन्य बल्लेबाज श्रीलंकाई गेंदबाजी आक्रमण के आगे अधिक देर तक नहीं टिक सका। श्रीलंका की ओर से असिता फर्नांडो ने चार विकेट लिये। थरिंडु रत्नायके और मिलन रत्नायके को तीन-तीन विकेट मिले।