मुंबई क्रिकेट टीम को छोड़ना चाहते हैं पृथ्वी शॉ, किसी और स्टेट के लिए है खेलने का प्लान; MCA से मांगी NOC
पृथ्वी शॉ मुंबई क्रिकेट से नाता तोड़ना चाहते हैं और किसी अन्य से खेलने के इच्छुक हैं। यही कारण है कि उन्होंने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन से NOC की मांग की है। पृथ्वी शॉ अपने करियर की शुरुआत से मुंबई के लिए ही खेलते आ रहे थे।

मुंबई के सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने मुंबई क्रिकेट के साथ अपने रिश्ते को तोड़ने की ओर कदम बढ़ाए हैं। उन्होंने मुंबई क्रिकेट संघ यानी एमसीए को सूचना दी है कि वह किसी अन्य स्टेट टीम के लिए प्रोफेशनल क्रिकेट खेलना चाहते हैं। यही कारण है कि उन्होंने अपने अभिभावक संघ से अनापत्ति प्रमाण पत्र यानी एनओसी की मांग की है। मुंबई की टीम से वे काफी समय से बाहर हैं।
द इंडियन एक्सप्रेस को एमसीए के सूत्रों ने बताया, "उन्होंने हमसे एनओसी मांगी है और हम जल्द ही इस पर निर्णय लेंगे।" पृथ्वी शॉ को पिछले साल मुंबई की टीम से खराब फिटनेस के कारण रणजी ट्रॉफी मैच के लिए ड्रॉप कर दिया गया था। सीनियर चयन समिति ने ये निर्णय लिया था और उनको एमसीए के प्रशिक्षकों द्वारा तैयार किए गए दो सप्ताह के फिटनेस प्रोग्राम में भाग लेने के लिए कहा था। टीम मैनेजमेंट ने एमसीए को सूचित किया था कि पृथ्वी शॉ के शरीर में 35 प्रतिशत फैट है और टीम में वापसी से पहले उन्हें कठोर ट्रेनिंग की आवश्यकता है।
पता चला है कि पृथ्वी शॉ को इस महीने की शुरुआत में दो-तीन राज्यों से ऑफर मिले हैं। यही कारण है कि वे एनओसी चाहते हैं और जल्द नए डोमेस्टिक सीजन से पहले किसी टीम के साथ जुड़ सकते हैं। अक्टूबर 2024 में एमसीए की चयन समिति ने फैसला किया था कि अगर शॉ को फिर से मुंबई के लिए खेलना है तो उनको वजन कम करना होगा। उनकी फिटनेस और फॉर्म में सुधार नहीं हुआ था और इस वजह से वे विजय हजारे ट्रॉफी में नहीं चुने गए थे। इस पर काफी विवाद भी हुआ था। यहां तक कि कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी कह दिया था कि उसने बहुत क्रिकेट खेला है। सभी ने उसे इनपुट दिए, लेकिन वह नहीं माना। उनको खुद ही चीजों का पता लगाना चाहिए।