पटना में पूर्व मंत्री के सरकारी आवास पर चोरी; कूलर, पंखा, कंबल, टोंटी सब उड़ा ले गए
पटना में पूर्व मंत्री एवं विधायक मुरारी प्रसाद गौतम के आवास पर चोरी हुई है। चोरों ने सरकारी आवास से कूलर, पंखा, टोंटी समेत कई अन्य सामान चुरा लिए। सचिवालय थाना में इसकी शिकायत दर्ज कराई गई है।

बिहार की राजधानी पटना में पूर्व मंत्री एवं विधायक मुरारी प्रसाद गौतम के सरकारी आवास पर चोरी हुई है। सचिवाल थाना क्षेत्र में 12, सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास पर चोर पंखा, कूलर, गद्दे, कंबल, टोंटी समेत अन्य कई सामान चुरा ले गए। पूर्व मंत्री के निजी सहायक की ओर से सचिवालय थाने में केस दर्ज कराया गया है। सचिवालय पुलिस ने 22 जून को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पटना के वीआईपी क्षेत्र में चोरी की घटना से सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार पूर्व मंत्री मुरारी प्रसाद गौतम का 12 सर्कुलर रोड पर सरकारी आवास है। उनके निजी सहायक सुजीत कुमार झा ने पुलिस को दी शिकायत में लिखा है कि 22 जून की सुबह वह पूर्व मंत्री के आवास पर गए थे। वहां जाने पर पता चला कि आवास में लगे नल के अलावा कूलर, पंखा, गद्दे, कंबल और तकिया चोरी कर लिए गए। निजी सहायक ने चोरी की घटना को गंभीर बता पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मुरारी प्रसाद रोहतास जिले के चेनारी से विधायक हैं। 2020 के विधानसभा चुनाव में वे कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। महागठबंधन की सरकार के दौरान वे मंत्री रहे। पिछले साल सत्ता परिवर्तन के बाद वे बागी हो गए और पाला बदलकर एनडीए सरकार का समर्थन किया था। बाद में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ज्वाइन कर ली।
राजधानी में नेताओं के घर चोरी की यह पहली घटना नहीं है। इसी साल फरवरी महीने में मंत्री नीरज कुमार बबलू के सरकारी आवास में सोने की चेन और कैश चोरी हो गया था। मंत्री के निजी सहायक ने पूर्व कर्मचारी पर ही इसका आरोप लगाया था। इससे पहले सितंबर 2023 में आरजेडी विधायक ललन यादव के सरकारी आवास पर 48 घंटे में दो बार चोरी हुई थी। चोर नल और बेसिन समेत अन्य सामान उखाड़ कर ले गए थे। विधायक के रिश्तेदार ने पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज कराई थी।