सारिका पासवान ने भूमिहार मंच के अध्यक्ष आशुतोष पर किया केस, अभद्र टिप्पणी का आरोप
सारिका पासवान का आरोप है कि सोशल मीडिया के माध्यम से आशुतोष ने उनके खिलाफ गलत टिप्पणी की है। इसकी जानकारी मिलने के बाद वे थाने पहुंचीं और केस दर्ज कराया। वहीं दूसरी ओर आशुतोष ने राजद के कार्यकर्ताओं पर जानलेवा धमकियां देने और परिवार की महिलाओं पर अश्लील टिप्पणियां करने का आरोप लगाया है।

राजद की प्रवक्ता सारिका पासवान और भूमिहार ब्राह्मण एकता मंच फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशुतोष कुमार दोनों ही अब कानून की शरण में पहुंचे हैं। सारिका पासवान ने सोशल मीडिया पर अमर्यादित टिप्पणी करने को लेकर भूमिहार ब्राह्मण एकता मंच फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशुतोष कुमार के खिलाफ अनुसूचित जाति-जनजाति थाने में केस दर्ज करवाया है।
सारिका पासवान का आरोप है कि सोशल मीडिया के माध्यम से आशुतोष ने उनके खिलाफ गलत टिप्पणी की है। इसकी जानकारी मिलने के बाद वे थाने पहुंचीं और केस दर्ज कराया। वहीं दूसरी ओर आशुतोष ने राजद के कार्यकर्ताओं पर जानलेवा धमकियां देने और परिवार की महिलाओं पर अश्लील टिप्पणियां करने का आरोप लगाया है। आशुतोष कुमार ने कहा कि24 जून से उन पर लगातार हमले किए जा रहे हैं।
क्या है पूरा विवाद
दरअसल राष्ट्रीय जनता दल की प्रवक्ता सारिका पासवान और आशुतोष कुमार के बीच यह तल्खी एक वायरल पोस्ट के बाद से बढ़ी है। आशुतोष कुमार के सोशल मीडिया से सारिका पासवान के खिलाफ एक बेहद ही आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी। इस टिप्पणी पर सारिका पासवान और राष्ट्रीय जनता दल दोनों ने कड़ा एतराज जताया था।
सारिका पासवान ने जहां आशुतोष को महाभारत के एक वाकये की याद दिलाई थी तो वहीं राष्ट्रीय जनता दल ने एक्स पर कहा था, ' दो कौड़ी के लफ़ंगे तेरी, तेरे खानदान की यह औकात नहीं है कि दलित बहुजन की बेटी की तरफ़ आँख उठा कर देख लें। यह नब्बे के बाद का दौर है। बिहार के 90 फ़ीसदी बहुजन तेरे जैसे संघी भाजपाई नफ़रती कीट-पतंगों को अब चप्पल और गोबर पर भी नहीं बैठने देते। सारिका पासवान के साथ पार्टी खड़ी है। तुम और तुम्हारी RSS/BJP को बिहार में यह गुंडागर्दी नहीं करने देंगे।'
हालांकि, बाद में आशुतोष कुमार ने अपनी सफाई में यह भी कहा था कि उनके सोशल मीडिया से किया गया यह पोस्ट एक मानवीय भूल है। इस पोस्ट को भी डिलीट कर दिया गया था।