नीतीश ने BJP के रूपनारायण को किसान आयोग अध्यक्ष, RLM के माधव आनंद को नागरिक परिषद उपाध्यक्ष बनाया
बिहार में आयोगों में तैनाती पर जारी सियासी घमासान के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किसान आयोग का गठन किया है। जिसका अध्यक्ष भाजपा के रूप नारायण मेहता को बनाया है। वहीं नागरिक परिषद का उपाध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी आएलएम के माधव आनंद को बनाया है।
बिहार में नीतीश सरकार ने एक और आयोग का गठन कर दिया है। किसान कमीशन का अध्यक्ष भाजपा के रूप नारायण मेहता को बनाया है। जो वर्तमान में भाजपा पटना महानगर अध्यक्ष हैं। राज्य किसान आयोग के गठन के संबंध में कृषि विभाग ने सोमवार को अधिसूचना जारी की। वहीं दूसरी तरफ बिहार राज्य नागरिक परिषद का भी गठन कर दिया गया है।
जिसमें 32 नेताओं को जगह मिली है। इस परिषद के संरक्षक राज्यपाल और अध्यक्ष मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हैं। वहीं उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी आरएलएम के माधव आनंद को उपाध्यक्ष बनाया है। वहीं मंजीत कुमार सिं को भी वाइस प्रेसीडेंट का पद दिया गया है।जबकि 7 नेताओं को महासचिव की जिम्मेदारी मिली है। जबकि 21 सदस्य शामिल हैं।
इसके अलावा बिहार राज्य उद्यमी एवं व्यवसाय आयोग का गठन भी किया गया है। जिसमें अध्यक्ष एक उपाध्यक्ष और आठ सदस्य होंगे। भाजपा नेता सुरेश रुंगटा को आयोग का अध्यक्ष बनाया गया है। जबकि अरविंद कुमार निराला उपाध्यक्ष बने हैं। पश्चिम चंपारण के लालबाबू प्रसाद, सीतामढ़ी की किरण गुप्ता, अररिया के शिवनारायण महतो, पटना के गणेश साव, अररिया के आलोक कुमार भगत, पूर्वी चंपारण के गौरी शंकर कनौजिया, सीतामढ़ी के रोहित चंद्र और पटना श्री कृष्णा पुरी के सरदार कमलजीत सिंह को सदस्य बनाया गया है। उद्योग विभाग के निदेशक आयोग के सदस्य सचिव होंगे।
आपको बता दें चुनावी साल में नीतीश सरकार एक के बाद एक कई आयोगों का गठन कर चुकी है। जिसमें जेडीयू, बीजेपी, लोजपा-आर और हम और उपेंद्र कुशवाही की पार्टी आरएलएम के नेता आयोग में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्य शामिल हैं।
जिसको लेकर सियासत भी गर्मायी हुई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव लगातार आरोप लगा रहे हैं कि आयोगों में एनडीए के सहयोगी दलों के नेताओं के दामाद और जीजा को पद बांटा जा रहा है। ऐसे में जमाई आयोग भी बना देना चाहिए। दरअसल बिहार अनुसूचित जाति आयोग में अध्यक्ष के रूप में मृणाल पासवान और उपाध्यक्ष के पद पर देवेंद्र मांझी को नियुक्त किया है। मृणाल पासवान लोजपा (आर) के अध्यक्ष चिराग पासवान के जीजा हैं तो उपाध्यक्ष देवेंद्र मांझी हम संरक्षक जीतनराम मांझी के दामाद हैं।