अपनी ही पूंछ या शरीर क्यों खाने लगते हैं सांप? क्या है इसके पीछे का कारण
सोशल मीडिया पर आए दिन सांपों को अपने आप के ऊपर हमला करने का वीडियो वायरल होता रहता है। विशेषज्ञों के मुताबिक इसके पीछे कोई अलौकिक कारण नहीं बल्कि सांपों की जैविक प्रतिक्रिया और पर्यावरणीय कारण होता है।

यह पूरी दुनिया अजीबोगरीब बातों से भरी हुई है। कई बार लोग ऐसी अजीब चीजों को अलौकिक या फिर चमत्कार मान लेते हैं लेकिन जब इनकी सच्चाई पता चलती है तो यह एक विज्ञान का ही पक्ष निकलता है। ऐसा ही एक सवाल सोशल मीडिया पर और दुनिया वालों के सामने आ रहा है कि आखिर सांप अपने शरीर को ही या अपनी पूंछ को खाना या निगलना शुरू क्यों कर देते हैं। इस पूरी घटना पर वैज्ञानिकों ने भी अपना पक्ष रखा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक हमेशा डरावने और जानलेवा समझे जाने वाले सांपों को कई बार अपनी पूछ को निगलने की कोशिश करता देखा गया है। सोशल मीडिया के जमाने में ऐसे कई वीडियो वायरल हुए हैं, जिनमें सांप अपने आप को ही निगलने की कोशिश करता हुआ देखा जा सकता है। जो भी इस घटना को देखता है उसके मन में इस बात को लेकर कई बार डर और जिज्ञासा दोनों ही होते हैं कि आखिर ऐसा क्यों होता है।
वैज्ञानिकों के मुताबिक ऐसी घटना अगर होती है तो इसके पीछे कोई अपशकुन या अलौकिक बात नहीं होती है। यह पूरी तरह से जैविक और पर्यावरणीय कारणों की वजह से होती है। विशेषज्ञ इसे सांपों में अत्यधिक तनाव, अधिक गर्मी या तंत्रिका संबंधी समस्याओं से जोड़ते हैं।
आखिर क्यों काटते हैं सांप अपनी पूंछ?
विशेषज्ञों के मुताबिक हमें सबसे पहले समझना होगा कि सांप आखिर कैसा महसूस करते हैं। स्तनधारियों के विपरीत सांप अपने देखने और सुनने की क्षमता से ज्यादा गंध और कंपन से प्रतिक्रिया करते हैं। अपनी काँटेदार जीभ और जैकबसन के अंग नामक एक विशेष अंग का उपयोग करके, वे रासायनिक संकेतों के लिए हवा को 'चखते' हैं।
सांप ठंडे खून वाले होते हैं। यह अपने शरीर के तापमान को नियंत्रित करने के लिए बाहरी स्त्रोतों पर निर्भर होते हैं। ए-जेड एनिमल्स के मुताबिक, अत्याधिक गर्मी के संपर्क में रहने की वजह से कई बार सांप इस हद तक भ्रमित हो जाते हैं कि वह अपनी पूंछ को ही अपना शिकार समझने लगते हैं। यही वजह होती है कि वह कई बार अपने शरीर पर ही हमला कर देते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।