Hindi Newsउत्तराखंड न्यूज़president Droupadi Murmu will lay foundation stone of modern park for public on her birthday in Uttarakhand Dehradun

अपने जन्मदिन पर उत्तराखंड वालों को कौन सा तोहफा देंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू?

Droupadi Murmu Birthday: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु राजपुर रोड स्थित राष्ट्रपति निकेतन में अपना जन्मदिन मनाएंगी। इसके साथ ही,द्रौपदी मुर्मू 132 एकड़ भूमि में बन रहे अत्याधुनिक सार्वजनिक पार्क की आधारशिला रखेंगी। वे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर होने वाले योग कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगी।

Utkarsh Gaharwar हिन्दुस्तान, देहरादूनFri, 20 June 2025 10:45 AM
share Share
Follow Us on
अपने जन्मदिन पर उत्तराखंड वालों को कौन सा तोहफा देंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू?

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु तीन दिनी दौरे पर गुरुवार को जौलीग्रांट पहुंचीं। यहां राज्यपाल लेफ़्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका स्वागत किया। राष्ट्रपति राजपुर रोड स्थित राष्ट्रपति निकेतन में अपना जन्मदिन मनाएंगी। इसके साथ ही,राष्ट्रपति निकेतन में 132 एकड़ भूमि में बन रहे अत्याधुनिक सार्वजनिक पार्क की आधारशिला रखेंगी। द्रौपदी मुर्मू अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पुलिस लाइन मैदान में योग कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगी।

इससे पहले,गुरुवार अपराह्न करीब पांच बजे राष्ट्रपति मुर्मु विशेष विमान से जौलीग्रांट पहुंचीं। स्वागत समारोह के बाद वह सड़क मार्ग से सीधे राजपुर रोड स्थित राष्ट्रपति आशियाना रवाना हुईं। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री डाॅ. रमेश पोखरियाल निशंक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, मंत्री गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, मुख्य सचिव आनंदबर्द्धन, डीजीपी दीपम सेठ, डीएम सविन बंसल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह भी मौजूद रहे। विदित है कि राष्ट्रपति 21 जून तक देहरादून के दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वे विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी करेंगी।

राष्ट्रपति आज शिव मंदिर के दर्शन करेंगी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शुक्रवार को राजपुर रोड स्थित शिव मंदिर में पूजा-अर्चना भी करेंगी। शुक्रवार को ही दून के विभिन्न संस्थानों में भी उनके कार्यक्रम हैं। वे इस अवसर पर राजपुर रोड स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर इम्पॉवरमेंट ऑफ पर्सन विद विजुअल डिसएबिलिटीज के एक कार्यक्रम में भी प्रतिभाग करेंगी। दून में गुरुवार को राष्ट्रपति का स्वागत करते भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व सीएम डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक और राज्यसभा सांसद नरेश बंसल।

पिछली चूक से सबक लेकर अलर्ट पर रही पुलिस

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु तीन दिवसीय दौरे पर देहरादून में हैं। इसे लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था अभेद्य बनाने के व्यापक इंतजाम किए हैं। यह सतर्कता पिछली बार राष्ट्रपति दौरे के दौरान राजपुर रोड पर रिलायंस शोरूम में डकैती से सबक लेते हुए बढ़ाई गई है। गुरुवार को राष्ट्रपति के देहरादून पहुंचने पर जिले के सभी प्रवेश मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। एसएसपी अजय सिंह ने बताया राष्ट्रपति दौरे पर सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

राजपुर रोड इलाके में धारा-163 लागू

देहरादून। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के तीन दिनी दौरे के चलते राजपुर रोड स्थित राष्ट्रपति निकेतन के आसपास के इलाके में धारा-163 लागू कर दी गई है। इस इलाके में ध्वनि का स्तर 40 डेसिबल से अधिक नहीं हो सकेगा। राजपुर रोड के बार-ठेके रात दस बजे बंद होंगे। राष्ट्रपति के दून में रहने तक यह आदेश प्रभावी रहेगा। राष्ट्रपति अपने तीन दिवसीय दौरे पर गुरुवार की शाम राष्ट्रपति निकेतन पहुंचीं। उनके दौरे को देखते हुए अपर जिला मजिस्ट्रेट जय भारत सिंह ने बताया कि राजपुर रोड पर मसूरी डायवर्जन से राष्ट्रपति निकेतन होते हुए ब्रह्मकमल चौक और कैनाल रोड पर एनआईईपीवीडी के अरुण द्वार, बालासुंदरी मंदिर होते हुए नैनीताल बैंक की कैनाल रोड शाखा तक सड़क के दोनों ओर 100 मीटर की दूरी तक और दोनों क्षेत्रों के मध्य के क्षेत्रों में धारा-163 लागू की गई है। उन्होंने बताया, यह आदेश 21 जून को राष्ट्रपति के रवाना होने के एक घंटे बाद तक लागू रहेगा।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें