बोले हल्द्वानी: वार्डों के फेर में फंसी सावित्री कॉलोनी की सुविधाएं
- 19 और 20 वार्ड में बंटी हुई है एक कॉलोनी - 1500 लोग मूलभूत सुविधाएं न होने से परेशान

हल्द्वानी। शहर के बरेली रोड स्थित वार्ड 19 और 20 की सावित्री कॉलोनी के दो वार्ड एक साथ जुड़े होने के कारण उपेक्षाओं की शिकार हो रही हैं। कॉलोनी में दो तरफ दो अलग-अलग वार्ड होने के कारण यहां साफ सफाई तक ठीक से नहीं हो पाती है। कॉलोनी में नालियों की सफाई नियमित रूप से नहीं होती, कई जगह तो नाली निर्माण ही नहीं हुआ, जिससे बरसात का पानी सीधे सड़कों और घरों तक पहुंच रहा है। निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से जहां-तहां गंदा पानी जमा हो जाता है और इससे मच्छरों के पनपने का खतरा भी बढ़ गया है।
बरसात के दिनों में कॉलोनी में लोगों को पेयजल किल्लत की परेशानी से जूझना पड़ता है। यहां रहने वाले लोगों का कहना है कि कॉलोनी में ऊपर की तरफ वार्ड 19 का हिस्सा आता है और वहां के लिए सफाईकर्मी भी वार्ड 20 से व्यवस्था कर लगाया गया है, लेकिन वार्ड 20 के लिए तैनात कर्मी समय की कमी होने और कार्य अधिक होने का हवाला देकर उनके घरों के बाहर सफाई ही नहीं करते हैं। इसके अलावा दो वार्डों के फेर में उलझने के कारण कॉलोनी कई अन्य मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है। बोले हल्द्वानी की टीम जब इन लोगों के बीच पहुंची तो उन्होंने खुलकर अपनी समस्याएं बताकर समाधान के लिए सुझाव भी दिए। बरेली रोड की सावित्री कॉलोनी नगर निगम के वार्ड 19 और 20 में बंटी हुई है। दो वार्डों के लगे होने के कारण कॉलोनी में लगभग 1500 लोगों को जरूरी सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही हैं। यहां कॉलोनी और इसकी पांच गलियां दो वार्डों में बंटे होने से कोई भी सुविधा ठीक से नहीं मिल पा रही है। दो वार्ड होने के बावजूद यहां साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधा का भी अभाव है। कॉलोनी में नालियों की व्यवस्था सही नहीं होने से गंदा पानी घरों के बाहर जमा रहता है। वहीं बरसात में यह स्थिति और भी खराब हो जाती है। घरों के बाहर सड़क पर गंदा पानी जमा होने से लोगों को बीमारियों का डर बना रहता है। लोगों का कहना है कि कॉलोनी में फॉगिंग भी नहीं होती है। इसके कारण बरसात में मच्छरों का खतरा बना रहता है। वहीं नालियों की सफाई नहीं होने के कारण 24 घंटे घरों के बाहर मक्खियां और कीड़े आदि फैले रहते हैं। इससे घरों में भी गंदगी घुसने का डर बना रहता है। कॉलोनी वासियों का कहना है कि बरसात के दिनों में यह समस्या और गंभीर हो जाती है। लोगों के अनुसार इस समस्या को लेकर वह कई बार नगर निगम तक शिकायत कर चुके हैं लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। यहां रहने वाले लोगों का कहना है कि अगर निगम की ओर से दोनों वार्डों में अलग-अलग सफाईकर्मी तैनात हों तो उनके घरों के बाहर भी स्वच्छता दिखेगी। --- दो वार्ड एक सफाई कर्मी के भरोसे हल्द्वानी। सावित्री कॉलोनी में बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर लोगों का कहना है कि यहां वार्ड 19 और 20 की जिम्मेदारी केवल एक ही सफाईकर्मी पर है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि वार्ड 19 में काफी समय से अलग सफाईकर्मी की नियुक्ति नहीं की गई है। ऐसे में वार्ड 20 में तैनात सफाईकर्मी को दोनों वार्डों की सफाई का जिम्मा निभाना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि एक ही सफाईकर्मी के कंधों पर दो वार्डों का काम होने से वह अक्सर सफाई करने नहीं आता, और जब आता भी है तो काम अधूरा ही रह जाता है। इससे गलियों और सड़कों पर कूड़े के ढेर लगे रहते हैं, जिससे गंदगी फैल रही है और बदबू के कारण लोगों का रहना मुश्किल हो गया है। स्थानीय निवासी लगातार शिकायतें कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। नागरिकों का कहना है कि जब तक दोनों वार्डों में अलग-अलग सफाईकर्मी की नियुक्ति नहीं की जाएगी, तब तक सफाई व्यवस्था में सुधार की उम्मीद करना मुश्किल है। लोगों ने नगर निगम से मांग की है कि प्रत्येक वार्ड में स्थायी सफाईकर्मी की तैनाती जल्द की जाए, ताकि कॉलोनी को स्वच्छ और स्वस्थ बनाया जा सके। नहीं है निकासी, जलभराव से मच्छर पैदा होने की समस्या हल्द्वानी। सावित्री कॉलोनी में पानी निकासी की व्यवस्था नहीं है। यहां रहने वाले लोगों का कहना है कि इसके कारण छोटी सी बरसात में भी घरों में पानी भरने की समस्या से जूझना पड़ता है। बारिश के बाद जलभराव लंबे समय तक बना रहता है, जिससे मच्छरों का प्रकोप भी काफी बढ़ गया है। लोगों का कहना है कि इस समस्या की वजह से बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कत होती है। मलेरिया और डेंगू जैसे रोगों का खतरा भी लगातार बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर उन्होंने नगर निगम प्रशासन से कई बार गुहार लगाई है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। नागरिकों ने मांग की है कि क्षेत्र में जल्द से जल्द नालियों का निर्माण कराया जाए और जलनिकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि बरसात में होने वाली दुश्वारियों से राहत मिल सकेगी। पांच समस्याएं दो वार्ड और एक सफाईकर्मी के भरोसे है। क्षतिग्रस्त नालियों की सफाई भी नहीं हो पाती है। निकासी नहीं होने के कारण जलभराव से मच्छर पैदा होने की समस्या है। सड़क पर पानी जमा हो जाता है, आवाजाही में भी दिक्कत होती है। सड़क क्षतिग्रस्त है और मलबा भरने से समस्या बढ़ गई है। पांच सुझाव दो वार्ड के लिए अलग-अलग सफाईकर्मी तैनात किए जाएं। कॉलोनी में क्षतिग्रस्त नालियों का निर्माण किया जाए। मलबा हटाकर कॉलोनी में फॉगिंग की जाए और मच्छरों से राहत मिले पानी निकासी की व्यवस्था हो, ताकि जलभराव से राहत मिले। क्षतिग्रस्त सड़क का निर्माण किया जाए ताकि पानी न भरे। --- बॉटम के लिए प्रस्तावित- दो वार्ड के लिए हों अलग-अलग सफाई कर्मी हल्द्वानी। सावित्री कॉलोनी वासियों का कहना है कि उनका क्षेत्र दो वार्डों में आता है, लेकिन सफाई के लिए एक ही सफाईकर्मी नियुक्त है। इससे नियमित सफाई संभव नहीं हो पाती और गंदगी फैल रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सफाईकर्मी एक वार्ड में काम करता है तो दूसरे वार्ड की उपेक्षा हो जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब सफाईकर्मी एक वार्ड में कार्य करता है, तो दूसरे वार्ड की पूरी तरह उपेक्षा हो जाती है। इससे नालियां जाम हो जाती हैं, कूड़ा इकट्ठा होता है और बदबू से लोगों का जीना दूभर हो जाता है। बारिश में हालात और बिगड़ जाते हैं। कॉलोनी के लोगों ने बताया कि पहले भी कई बार नगर निगम को शिकायत दी गई, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। लोगों ने मांग की है कि दोनों वार्डों के लिए अलग-अलग सफाईकर्मी तैनात किए जाएं, ताकि सफाई व्यवस्था नियमित रूप से हो सके और कॉलोनी स्वच्छ रह सके। कॉलोनी में क्षतिग्रस्त नालियों का हो निर्माण हल्द्वानी। सावित्री कॉलोनी में रहने वाले लोगों का कहना है कि उनके क्षेत्र में सफाई नहीं हो पा रही है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कॉलोनी में कई जगह नालियां क्षतिग्रस्त हैं, जिससे गंदा पानी सड़कों पर बहता है। इससे न केवल बदबू फैल रही है, बल्कि मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। लोगों का कहना है कि नालियों की मरम्मत न होने के कारण सफाईकर्मियों को भी कार्य करने में दिक्कत होती है। उन्होंने नगर निगम से जल्द से जल्द क्षतिग्रस्त नालियों का निर्माण कराने और नियमित सफाई सुनिश्चित करने की मांग की है। मलवा हटाकर कॉलोनी में की जाए फॉगिंग हल्द्वानी। बरेली रोड की सावित्री कॉलोनी के लोगों के अनुसार कॉलोनी में दोनों तरफ पूरी तरह फॉगिंग भी नहीं की जाती है। उनका कहना है कि इन दिनों मच्छरों के प्रकोप से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से फॉगिंग नहीं कराई गई, जिससे हालात दिन पर दिन बिगड़ते जा रहे हैं। बरसात के मौसम में नालियों में जमा कचरा और मलबा, मच्छरों के पनपने का कारण बन रहा है। इससे डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि कॉलोनी की नालियों में महीनों से सफाई नहीं हुई है। जगह-जगह कूड़े और गंदगी के ढेर लगे हैं, जिससे बदबू के साथ-साथ बीमारी फैलने की आशंका भी बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि यदि नगर निगम मलवा हटवाकर फॉगिंग कराए, तो स्थिति पर काबू पाया जा सकता है। कॉलोनी के लोगों ने निगम प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में जल्द से जल्द सफाई अभियान चलाया जाए और नियमित फॉगिंग की व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों को बीमारियों से बचाया जा सके ताकि कॉलोनी का वातावरण स्वच्छ एवं सुरक्षित बना रहे। इनकी सुनिए- यहां दो वार्ड होने से सफाई कर्मी भी भ्रमित है, वह आता भी है तो आधा काम छोड़कर चला जाता है। नाली टूटी है, पानी भरता है, हम लोग रोज़ परेशानी झेलते हैं। — दीपक कुमार देवल, वार्ड 19 हमारे इलाके में न तो फॉगिंग होती है, न सफाई। मच्छरों से बच्चों की सेहत पर असर हो रहा है। बरसात में हालत और बिगड़ जाती है। हम बारिश में घरों में पानी भरने से परेशान हो रहे हैं। — शोभा कपूर, वार्ड 19 कॉलोनी में नालियों की हालत बहुत खराब है। बरसात में सड़कों पर पानी भर जाता है। कई बार शिकायत की, कोई सुनवाई नहीं हुई। हम परेशान होते हैं। — अनीता, वार्ड 19 कई बार सफाई कर्मी आते ही नहीं। जब कहते हैं तो वार्ड बदलने का बहाना बनाते हैं। हमें खुद झाड़ू लगानी पड़ती है। हम घरों के बाहर नालियां भी खुद साफ करने को मजबूर हैं। — राजो, वार्ड 19 सड़क पर मलवा पड़ा रहता है, कोई हटाता नहीं। बरसात में कीचड़ हो जाता है, फिसलने का डर रहता है। बच्चे स्कूल भी नहीं जा पाते। सड़कें क्षतिग्रस्त हैं। हम कहां जाएं नहीं पता। — विमला देवी यहां की निकासी व्यवस्था बहुत खराब है। बिल्कुल सही ढंग से नालियां नहीं बनी हैं। पानी भरता है तो बदबू आती है। कई बार तो मच्छर घरों के अंदर घुस आते हैं। डेंगू का खतरा शुरू हो जाता है। — कल्पना हम दुकानदार हैं, लेकिन दुकान के बाहर हर समय पानी जमा रहता है। ग्राहक आते हैं तो चप्पल उतारकर अंदर आते हैं। व्यवसाय पर असर पड़ रहा है। — उमेश गुप्ता, व्यवसायी कॉलोनी की सड़कें इतनी टूटी हैं कि पैदल चलना मुश्किल है। बरसात में स्थिति और भी बिगड़ जाती है। हम परेशान होते हैं कई बार दिक्कतों का सामना करना पड़ जाता है। — महेश चंद्र जोशी दोपहर के समय बदबू इतनी होती है कि घर से निकलना मुश्किल हो जाता है। कहीं से भी सफाई होती नहीं दिखती। सड़कों के किनारे पानी जमा हो रहा है कहां जाएं क्या करें हमे नहीं पता। हम जूझ रहे हैं। — करन कुमार हर जगह गंदा पानी जमा है। मच्छरों से बच्चे बीमार हो रहे हैं। फॉगिंग का नाम तक नहीं लिया गया। निगम को टीम भेजकर फॉगिंग करवानी चाहिए। हम गंदगी और मच्छरों की चपेट में आकर जूझ रहे हैं। — अंकुर नालियों की सफाई महीनों से नहीं हुई। बरसात से पहले काम नहीं हुआ तो अब कौन सुनेगा? निगम को व्यवस्थाएं करनी चाहिए। हमारा स्वच्छ गलियों में रहने का अधिकार है। — विमला गुप्ता, वार्ड 19 हम वार्ड 20 में आते हैं लेकिन सफाई वाले वार्ड 19 का काम करने चले जाते हैं। हमें अनदेखा कर दिया गया है। हम जूझ रहे हैं, पता नहीं कब तक गंदगी झेलनी है। — सुशीला गुप्ता, वार्ड 20 बरसात में गंदगी और मच्छरों की वजह से हम घर में भी चैन से नहीं रह सकते। हर ओर बदइंतजामी है। एक सफाई कर्मी वह भी दो वार्ड का कार्य नहीं करने की धमकी देता है। — पूजा, वार्ड 20 बच्चों को खेलने तक नहीं भेज सकते। सड़कें पानी से भरी हैं, फिसलन है। कहीं कोई देखता नहीं। निगम को नालियों का निर्माण करवाना चाहिए। नालियों में कचरा भरा पड़ा है। — अंशिका, वार्ड 20 इतने सालों से रह रहे हैं, लेकिन कभी कोई व्यवस्था ठीक से नहीं मिली। यहां बरसात में पेयजल लाइन में दिक्कत होने के कारण हमारे घर तक पीने का पानी ही नहीं पहुंच पाता है। समाधान चाहिए। — वंशिका, वार्ड 20 वार्ड 20 में रहकर हम खुद को उपेक्षित महसूस करते हैं। सफाई नहीं होती है पानी नहीं मिल पाता और नालियों में भी पानी भरा रहता है। लेकिन सभी सुविधाएं अधूरी हैं। गंदगी हो रही है हमारी मांग है कि सफाईकर्मी की तैनाती की जाए। — कृष्णा गुप्ता, वार्ड 20 बोले जिम्मेदार - सावित्री कॉलोनी में दो वार्ड बंटे होने के कारण समस्याएं हो रही हैं। इसे लेकर कई बार नगर निगम में बात की है लेकिन अलग सफाईकर्मी की सुविधा नहीं मिल पाई है। इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। - राजेंद्र कुमार, पार्षद वार्ड 19 --- सफाई व्यवस्था को लेकर जांच की जाएगी। नालियों आदि में गंदगी है तो इसे दूर किया जाएगा। निकासी आदि की समस्या का भी निस्तारण किया जाएगा। फॉगिंग आदि की व्यवस्था के लिए रोस्टर बनाया गया है। जल्द ही सावित्री कॉलोनी में भी फॉगिंग कराई जाएगी। - ऋचा सिंह, नगर आयुक्त, नगर निगम हल्द्वानी। प्रस्तुति - रजनी मेहता
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।