अपने बर्थडे पर कौन सा गीत सुनकर भावुक हो गईं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पोछती रहीं आंसू
देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को अपने जन्मदिन पर उत्तराखंड के देहरादून में दिव्यांग बच्चों के बीच पहुंचीं। इस दौरान जब बच्चों ने उनके लिए गीत गाया तो राष्ट्रपति भावुक हो गईं और आंसू पोछते नजर आईं।

देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को अपने जन्मदिन पर उत्तराखंड के देहरादून में दिव्यांग बच्चों के बीच पहुंचीं। इस दौरान जब बच्चों ने उनके लिए गीत गाया तो राष्ट्रपति भावुक हो गईं और आंसू पोछते नजर आईं। राष्ट्रपति ने कहा कि किसी देश या समाज की प्रगति का आकलन इस बात से लगाया जा सकता है कि उस समाज में लोग दिव्यांगजनों के साथ कैसा व्यवहार करते हैं। भारत का इतिहास संवेदनशीलता और समावेशिता के प्रेरक प्रसंगों से भरा पड़ा है।
राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तीकरण संस्थान (एनआईवीएच) में बच्चों के बीच पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उस दौरान भावुक हो गईं, जब बच्चों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए गीत तुम जियो हजारों साल.. प्रस्तुत किया। दिव्यांग बच्चों की ओर से मिलीं इन शुभकामनाओं को पाकर राष्ट्रपति मुर्मु अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख पाईं और आंखें भर आईं। उन्होंने दो-तीन बार अपने चश्में को उतारकर आंसुओं को पोंछा। इस माहौल को देखकर हर कोई भावुक नजर आया। इस दौरान मंच पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि हमारी संस्कृति और सभ्यता में मानवीय करुणा और प्रेम के भाव हमेशा से शामिल रहे हैं। सुगम्य भारत अभियान के माध्यम से, जो एक सुलभ भौतिक वातावरण, परिवहन, सूचना और संचार पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने पर जोर देता है, सरकार दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण और समान भागीदारी के लिए प्रयासरत है।
राष्ट्रपति ने कहा कि आज का युग विज्ञान और प्रौद्योगिकी का युग है। उन्नत प्रौद्योगिकी की सहायता से दिव्यांगजन भी मुख्यधारा में अपना योगदान दे सकते हैं। उन्हें यह जानकर प्रसन्नता हुई कि राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तीकरण संस्थान समावेशी शिक्षा प्रणाली और नवीनतम तकनीकी संसाधनों के माध्यम से छात्रों के सर्वांगीण विकास पर विशेष बल दे रहा है। उन्होंने कहा कि समाज को जीवन के हर क्षेत्र में दिव्यांगजनों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रयास करने चाहिए।
विशेष डाक टिकट जारी किया
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति निकेतन में आयोजित कार्यक्रम में ऐतिहासिक राजभवन नैनीताल के 125 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष डाक टिकट जारी किया। राज्यपाल ने राष्ट्रपति का इस ऐतिहासिक धरोहर को राष्ट्रीय स्मृति में स्थान दिलाने पर आभार व्यक्त किया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।