सरयू में बाढ़ आने से पंप हाउस के अंदर घुसा पानी
बागेश्वर में पानी की समस्या बनी हुई है, जहां शनिवार को सरयू नदी के उफान आने से पानी की आपूर्ति ठप हो गई। क्षेत्र के निवासियों ने प्राकृतिक स्रोतों से पानी जुटाया। जल संस्थान ने सरयू नदी में पंप...

दो-दो नदियों के बीच में बसे बागेश्वर में पानी की समस्या सालभर रहती है। वहीं शनिवार को सरयू नदी के उफान पर आने से एक बार फिर पानी का संकट गहरा गया है। आधे शहर में पानी की आपूर्ति ठप हो गई है। क्षेत्र में रह रहे लोगों ने श्रीनौला व मांग के धारे से पानी ढोकर प्यास बुझाई। नगर के लोगों को पीने के पानी की सप्लाई के लिए जल संस्थान ने सरयू नदी में पंप स्थापित किया है। शुक्रवार रात कपकोट क्षेत्र में हुई अतिवृष्टि से सरयू नदी उफान पर आ गई। इस कारण नदी का पानी जल संस्थान के पंप हाउस में चला गया।
यहां लगे पंप की मोटर पानी में डूब गई। पंप के काम नहीं करने के कारण पानी की सप्लाई नहीं हो पाई। इससे चंडिका क्षेत्र तथा कठायतबाड़ा के कुछ क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई। क्षेत्र में रह रहे लोगों ने प्राकृतिक स्रोतों से पानी ढोया, जबकि आधे शहर में जखेड़ा पेयजल योजना और अमसरकोट पेयजल योजना से पानी की आपूर्ति की गई। लोगों ने जल संस्थान से जल्द आपूर्ति सुचारू करने की मांग की है। इधर जल संस्थान के ईई सीएस देवड़ी ने बताया कि सरयू नदी का पानी पंप हाउस में घुस गया। इस कारण पंप चलाना संभव नहीं था। जलस्तर कम होते ही पंप चलाया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।