पति को दवा लेने भेजकर पत्नी ने प्रेमी को बुलाया, परिवार वालों ने पकड़कर करा दी शादी
यूपी के गाजीपुर में अब परिजनों ने विवाहिता को उसके प्रेमी के साथ पकड़ा है। दोनों को पकड़ने के बाद पति के सामने ही पत्नी की प्रेमिका से शादी करा दी गई। पति-पत्नी नोएडा में रहते थे। इसी दौरान गांव के ही युवक के घर आने-जाने से प्यार हो गया था।

ऐसा लगता है कि पति-पत्नी और वो वाले मामलों की बाढ़ सी आ गई है। कई मामलों में प्रेमी के साथ पत्नियों ने पतियों की हत्या कर दी। एक मामले में तो मुजफ्फनगर में विवाहिता ने अपने दो बच्चों की ही हत्या कर दी है। कई पति समझदार निकले और राजी-खुशी पत्नी को प्रेमी के हवाले कर दिया। बकायदे अपने सामने ही पत्नी की प्रेमी से शादी भी करा दी। ऐसा ही मामला गाजीपुर से सामने आया है। यहां पत्नी को प्रेमी के साथ पकड़ने के बाद दोनों को बंधक बना लिया गया। इसके बाद दोनों की मंदिर में ले जाकर शादी करा दी गई। मामला करंडा थाना क्षेत्र के जमुआव गांव का है। इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है।
जमुआव गांव के रोहित की शादी 2023 में प्रियंका से हुई थी। शादी के बाद दोनों नोएडा चले गए। वहां रोहित एक कंपनी में काम करता था। उसी कंपनी में पड़ोसी गांव का पिंटू गोड भी काम करता था। नोएडा में पिंटू का रोहित के घर आना-जाना शुरू हुआ। इस दौरान प्रियंका और पिंटू के बीच प्रेम संबंध बन गए। कुछ दिन पहले रोहित अपनी पत्नी प्रियंका को लेकर गांव आया। इसी दौरान पिंटू भी गांव आ गया था। दो दिन पहले प्रियंका ने रोहित को दवा लाने भेजा। इसी दौरान उसने पिंटू को बुला घर के पास खेत में मिलने के लिए बुला लिया।
दोनों को एक साथ खेत में गांव के लोगों ने देख लिया। इसकी सूचना प्रियंका के ससुराल वालों को दी। ग्रामीणों और परिवार वालों ने दोनों को पकड़कर पास के काली मंदिर में रस्सी से बांध दिया। इसके बाद प्रियंका के पति रोहित को भी बुला लिया। रोहित के सामने ही प्रियंका और पिंटू की शादी करा दी गई। हालांकि इस तरह से शादी का प्रियंका ने विरोध भी किया। इस पर हंगामा मचा तो पुलिस भी पहुंच गई। प्रियंका और प्रेमी पिंटू को लेकर थाने आ गई। मामले में सीओ सिटी शेखर सेंगर ने कहा कि प्रियंका ने करंडा थाने में अपने पति रोहित और उसके परिवार सहित 10 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। उसने बंधक बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।