हिन्दी में काम करने में ठोस कदम उठाएं
Varanasi News - बनारस रेल इंजन कारखाने में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही बैठक हुई। महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने हिंदी में तकनीकी विषयों पर पुस्तकें लिखने का आह्वान किया। उन्होंने अनुवाद पर निर्भरता कम करने और...
वाराणसी, कार्यालय संवाददाता। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में गुरुवार को राजभाषा कार्यान्वयन समिति (बराकास) की तिमाही बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता करते हुए महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने कहा कि बरेका आज विश्वस्तरीय तकनीक के साथ न केवल कदम से कदम मिलाकर चल रहा है, बल्कि तकनीकी क्षेत्रों में हिन्दी के प्रयोग को भी मजबूती से बढ़ावा दे रहा है। उन्होंने अधिकारियों से आह्वान किया कि वे हिन्दी में तकनीकी विषयों पर सरल, संवादात्मक शैली में पुस्तकें लिखें। उन्होंने कहा कि हमें अनुवाद पर निर्भरता कम कर मौलिक रूप से हिन्दी में काम करने की दिशा में ठोस कदम उठाने होंगे तभी आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार होगा।
मुख्य राजभाषा अधिकारी प्रवीण कुमार ने हिन्दी के प्रचार-प्रसार और इसके सृजनात्मक उपयोग के लिए किए जा रहे प्रयासों से अवगत कराया। इस मौके पर प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी (प्रशासन) लालजी चौधरी, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश कुमार, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर विनोद कुमार शुक्ला, प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त डीके मौर्या आदि उपस्थित रहे। संचालन वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी डॉ. संजय कुमार सिंह ने किया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।