यूपी में रंगबाजों ने युवक को मारी गोली, देर रात पुलिस एनकाउंटर में पांच पकड़े
यूपी के आगरा में कमला नगर में घर के बाहर युवक को गुरुवार देर रात रंगबाजों ने गोली मार दी। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने शुक्रवार रात एल्विश उर्फ मुकुल पाराशर को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। उसके पैर में गोली लगी। गैंग के चार अन्य सदस्यों भी गिरफ्तार हुए हैं।

यूपी के आगरा में कमला नगर में घर के बाहर युवक को गुरुवार देर रात रंगबाजों ने गोली मार दी। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने शुक्रवार रात एल्विश उर्फ मुकुल पाराशर को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। उसके पैर में गोली लगी। गैंग के चार अन्य सदस्यों भी गिरफ्तार हुए हैं। पुलिस ने बताया कि गैंग को रजिस्टर्ड कराया जाएगा। हिस्ट्रीशीट खोलेगी। गुंडा एक्ट के तहत भी कार्रवाई करेगी। पुलिस के अनुसार, गुरुवार की देर रात एल्विश गैंग ने कमला नगर में अंकित नाम के युवक को गोली मारी थी। इस संबंध में उसकी मां प्रीति ने मुकदमा दर्ज कराया।
मुकदमे में एल्विश उर्फ मुकुल पाराशर, समीर, भोलू, अर्जुन, प्रांशु, शिवा को नामजद किया। युवक की मां ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा अंकित घर के बाहर बैठा था। तभी एल्विश ने हमला बोला। गोलियां चलाईं। एक गोली बेटे के हाथ में लगी। इससे पूर्व आरोपित ने उनके दूसरे बेटे शिवम को गोली मारी थी। पुलिस को छानबीन में पता चला कि एल्विश पूर्व में कमला नगर में रहता था। वर्तमान में सिकंदरा इलाके में रह रहा है। पूर्व में वह जेल भी जा चुका है। इंस्टाग्राम पर एल्विश और शिवम उर्फ डिब्बा के दोस्त के बीच कमेंट बाजी हुई थी। तभी से रंजिश है।
एसीपी छत्ता पीयूष कांत राय ने बताया कि घटना के बाद ही एसएचओ कमला नगर निशामक त्यागी के नेतृत्व में टीम लगाई गई थी। शुक्रवार देर रात एल्विश को मुठभेड़ में पकड़ा गया। उसके पैर में गोली लगी है। उसके गैंग के चार साथी समीर केन (लायर्स कालोनी), प्रियांशु दिवाकर (कमला नगर), अर्जुन राठौर (लोहिया नगर कमला नगर) व शिव शाक्य उर्फ मनवा (कमला नगर) भी पकड़े गए हैं। सभी को जेल भेजा जाएगा। सरगना एल्विश को भर्ती कराया गया है।
रंगबाजों में चिह्नित हुआ गैंग
पुलिस आयुक्त दीपक कुमार के निर्देश पर कमिश्नरेट में रंगबाज चिन्हित किए जा रहे हैं। अभी तक 200 रंगबाज चिन्हित किए जा चुके हैं।