शादी के दो महीने बाद मायके छोड़ने के बहाने पति ने बेहोश किया, नहर के पास फेंककर फरार
यूपी के इटावा में एक पति ने अपनी पत्नी को शादी के दो महीने बाद ही छोड़ दिया। मायके छोड़ने के बहाने कार में बेहोश करके इकदिल में नहर के पास महिला ने फेंकने का आरोप लगाकर एसएसपी को प्रार्थना पत्र दिया है। महिला की दो माह पूर्व शादी हुई है।

यूपी के इटावा में एक पति ने अपनी पत्नी को शादी के दो महीने बाद ही छोड़ दिया। मायके छोड़ने के बहाने कार में बेहोश करके इकदिल में नहर के पास महिला ने फेंकने का आरोप लगाकर एसएसपी को प्रार्थना पत्र दिया है। महिला की दो माह पूर्व शादी हुई है। एसएसपी ने संबंधित थाना पुलिस को जांच के आदेश दिए हैं। मामले में पुलिस जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार आगरा के थाना बाह में जैतपुर कलां चर्तुभुजपुरा की रहने वाली श्याम वती ने बताया कि उसकी शादी 30 अप्रैल को सिविल लाइन अड्डा जुहाना के किताब सिंह से हुई थी। शादी के बाद से ही उसे अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा था। आरोप लगाया कि उसको कमरे में बंद करके मुंह में कपड़ा ठूसकर मारपीट भी की गई। गुरुवार को शाम पति मायके छोड़ने के बहाने अपने दोस्त की कार से ले गया। रास्ते में नशीली दवा छिड़ककर उसने बेहोश कर दिया।
महिला का कहना है कि कुछ समय बाद होश आने पर उसने खुद को इकदिल नहर के पास पाया। वहां से राह चलते एक युवक से मोबाइल लेकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस उसे थाने ले गई। वहां से परिजन घर ले गए। शुक्रवार को परिजनों संग एसएसपी कार्यालय शिकायत करने पहुंची और पति के खिलाफ कार्रवाई के लिए मांग की। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि महिला के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। पति से भी पूछताछ की जाएगी।
युवती ने लगाई फांसी
फिरोजाबाद के थाना सिरसागंज में सूरजपुर दुगमई के शिवबेष ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि उन्होंने अपनी बेटी शिवा की शादी पांच साल पहले दुर्गापुरा के सूरज सिंह से की थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर से बाइक और सोने की जंजीर की अतिरिक्त मांग की जाने लगी। मांग पूरी नहीं हुई तो पुत्री को प्रताड़ित किया जाने लगा। जिससे आहत होकर उसने फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। प्रभारी निरीक्षक रामसहाय सिंह ने बताया कि शिवा निजी अस्पताल में भर्ती है। उसकी स्थिति स्थिर होने पर बयान लिए जाएंगे। जिसके आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।