यूपी के अमरोहा में तेंदुए की दहशत बढ़ी, घर में घुस आंगन में बंधी बछिया को बनाया शिकार
तेंदुए की बढ़ती दहशत के बीच तेंदुए ने जोया में बछिया को निवाला बना लिया। वहीं रजबपुर में तेंदुए ने जंगली जानवर को अपना शिकार बनाया। वन विभाग ने गांव वालों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बताया जा रहा है कि अब तेंदुआ रिहायशी इलाकों में मवेशियों का शिकार कर रहा है।

यूपी के अमरोहा में तेंदुए की दहशत बढ़ रही है। अब एक गांव में तेंदुआ घरों तक पहुंच गया है और मवेशियों को शिकार बना रहा है। जिले के गांवों में तेंदुए की बढ़ती दहशत के बीच तेंदुए ने जोया में बछिया को निवाला बना लिया। वहीं रजबपुर में तेंदुए ने जंगली जानवर को अपना शिकार बनाया। नौगावां सादात क्षेत्र के गांव अलीपुर में गुरुवार रात तेंदुआ फिर से दिखाई देने के बाद से ग्रामीण सहमे हुए हैं। जोया क्षेत्र के गांव शेखूपुरा गुर्जर निवासी पेशे से मजदूर कलुवा का घर चुबका मार्ग पर है।
शुक्रवार सुबह मजदूर के आंगन में बंधी बछिया पर तेंदुए ने हमला कर दिया। पशुओं के रंभाने की आवाज पर कलुवा की पत्नी फूलजहां नींद से जागी तो बाहर जाकर देखा कि तेंदुआ बछिया पर हमला कर रहा है। इस पर फूलजहां की चीख निकल गई। उधर, रजबपुर क्षेत्र के गांवों में तेंदुआ आए दिन पालतु पशुओं और जंगली जानवरों को अपना शिकार बना रहा है l क्षेत्र के गांव पीठखेड़ा में फिर से तेंदुआ देखे जाने दहशत है।
वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने के लिए शिकायत की गई है। पुलिस और वन विभाग का कहना है कि तेंदुए को पकड़ने के लिए ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पिंजरा लगाया गया है। कैमरों की निगरानी की जा रही है जिससे तेंदुआ किस इलाके में इसकी जानकारी निकाली जा सके। वहीं, ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
नौगावां सादात में घूमता दिखा तेंदुआ
नौगांवा सादात थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव निवासी बब्लू मछली पालक हैं। गुरुवार रात करीब दस बजे ग्रामीण घर की छत पर पहुंचा तो तेंदुए को देखकर होश उड़ गए। डीएफओ एसपी सिंह ने बताया कि ग्रामीणों से सतर्कता बरतने की अपील की गई है। कहा गया है कि जरूरत पर तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा भी लगाया जाएगा।