उड़ान से ठीक पहले बेंगलुरु के प्लेन में मचा शोर, यात्रियों को आई ईंधन की गंध; फ्लाइट रद्द
प्रयागराज से बेंगलुरु जाने वाली एक फ्लाइट में ईंधन की गंध आने लगी। आधा घंटा के बाद इसी विमान को बेंगलुरु के लिए यात्रियों को लेकर उड़ान भरनी थी, जिसके लिए सौ से अधिक यात्री विमान में बैठ चुके थे। फ्लाइट में सवार एक यात्री ने बताया कि फ्लाइट उड़ान भरने वाली थी तभी अचानक सुरक्षा जांच शुरू हो गई।

अहमदाबाद विमान हादसे को एक महीना होने को है लेकिन इस हादसे का खौफ खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। लोगों के जेहन में एयर इंडिया की उस फ्लाइट की खौफनाक यादें बस गई हैं। ऐसे में सोमवार को जब प्रयागराज से बेंगलुरु जाने वाली एक फ्लाइट में ईंधन की गंध आने लगी तो हड़कंप मच गया। अंतत: यह फ्लाइट सोमवार को तकनीकी खराबी के चलते उड़ान नहीं भर सकी। फ्लाइट के अंदर ईंधन (एटीएफ) की गंध आने पर सुरक्षा जांच के बाद फ्लाइट को रद्द कर दिया गया। अहमदाबाद में हुए प्लेन हादसे के बाद ज्यादा सतर्कता बरती जा रही है।
बेंगलुरु से प्रयागराज आने वाली इंडिगो की फ्लाइट सोमवार को तय समय पर सुबह 11 बजे लैंड हुई। आधा घंटा के बाद इसी विमान को बेंगलुरु के लिए यात्रियों को लेकर उड़ान भरनी थी, जिसके लिए सौ से अधिक यात्री विमान में बैठ चुके थे। फ्लाइट में सवार प्रयागराज के सिविल लाइंस निवासी सीएल वर्मा ने बताया कि फ्लाइट उड़ान भरने वाली थी अचानक सुरक्षा जांच शुरू हो गई। पता चला कि फ्यूल टैंक में कुछ बदलाव हो रहा था।
इसके बाद फ्लाइट के अंदर पेट्रोल की गंध आने लगी। शोर मचाने पर पायलट ने घोषणा की कि सुरक्षा जांच चल रही है, चिंता की कोई बात नहीं है, सब कुछ नियंत्रण में है। कुछ देर बाद चार-पांच कर्मचारी कॉकपिट में आए और पायलट से बात की। थोड़ी देर पायलट ने फिर घोषणा की कि आप लोग बाहर निकल जाएं, यह फ्लाइट बेंगलुरु नहीं जाएगी। इसके बाद सभी यात्री विमान से उतर गए। विमान खाली होने के बाद तकनीकी टीम ने अपनी जांच शुरू कर दी।
क्या बोले एयरपोर्ट निदेशक
इस बारे में प्रयागराज के एयरपोर्ट निदेशक मुकेश उपाध्याय ने बताया कि विमान में तकनीकी समस्या के कारण उड़ान निरस्त करनी पड़ी। तकनीकी टीम ने तुरंत जांच शुरू की और यात्रियों को विभिन्न विकल्प प्रदान किए गए। सभी यात्री चले गए।