साध्वी को आपत्तिजनक हालात में देख साधु ने खोया आपा, हाथरस में हत्या का खुलासा
हाथरस में साध्वी की हत्या का शुक्रवार को खुलासा हो गया। साध्वी को आपत्तिजनक हालत में देखकर साधु ने आपा खो दिया और लाठी-डंडों से पीटकर उसकी हत्या कर दी। घटना 23 जून की रात हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र में हुई थी।

कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र में हुई वृद्ध महिला साधु की हत्या का पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा किया। हत्याभियुक्त को पुलिस ने हरियाणा के महेंद्रगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी साधु ने बताया कि उसने महिला साधु को दूसरे व्यक्ति के साथ आपत्तिजनक हालत में देखा था। इससे में गुस्से में आकर उसने पीट-पीटकर हत्या कर दी। पूछताछ में आरोपी ने यह भी बताया कि महिला साधु गंभीर बीमारी से ग्रसित थी, उसी महिला के संपर्क में आने के कारण वह भी ग्रसित हो गया है। गिरफ्तार अभियुक्त को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया।
कोतवाली सिकंदराराऊ क्षेत्र के एक गांव निवासी 70 वर्षीय महिला काफी समय पहले साधु बन गई थी। वह हाथरस जंक्शन क्षेत्र के एक इलाके में एक साधु के साथ झोंपड़ी में रहती थी। महिला साधु पहले से गंभीर बीमारी से ग्रसित थी। उसके संम्पर्क में आने से साधु भी उसी बीमारी की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि 23 जून 2025 की रात को साधु ने झोंपड़ी से एक व्यक्ति को महिला के साथ आपत्तिजनक हालत में निकलते हुए देख लिया था।
इस बात से गुस्साए साधु की महिला साधु से झगड़ा हुआ और फिर उसने महिला साधु की डंडे से पीट-पीट कर हत्या कर दी और फिर घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपी साधु की तलाश में दबिश दे रही थी। पुलिस ने अभियुक्त को महेंद्रगढ़ हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त ने पूछताछ में सारी बातों की जानकारी दी और गंभीर बीमारी होने के बारे में भी बताया। जिस पर पुलिस ने उसकी जांच कराई, जांच में साधु को गंभीर बीमारी होने की पुष्टि हुई। जिसके बाद पुलिस ने अभियुक्त को कोर्ट में पेश किया।
सीओ सिकंदराराऊ जेएन अस्थाना के अनुसार आपस में कहासुनी होने के बाद गुस्से में आकर साधु ने महिला साधु की हत्या कर दी। आरोपी ने खुद बताया कि वह एक गंभीर बीमारी से पीड़ित है। उसका मेडिकल कराया गया तो उसमें गंभीर बीमारी की पुष्टि हुई है। आरोपी को जेल भेजा गया है।