सड़क दुर्घटनाओं में महिला की मौत, तीन लोग घायल
Sultanpur News - सुलतानपुर में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक महिला की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। धनपतगंज क्षेत्र में एक महिला की साड़ी बाइक में फंस गई, जिससे वह गिर गई और बाद में उसकी मौत हो गई। वहीं, अन्य...

सुलतानपुर। अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक महिला की मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर है। धनपतगंज क्षेत्र में निमंत्रण से पति के साथ लौट रही महिला की साड़ी बाइक में फंस गई। महिला सड़क पर गिर गई। उसे सीएचसी ले जाया गया। वहां उसकी मौत हो गई। इसी थाना क्षेत्र के कस्बा धनपतगंज में बाइक और ट्रैक्टर की आमने सामने हुई टक्कर में बाइक सवार दो लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धनपतगंज पहुंचाया। वहीं चांदा में तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। बल्दीराय थाना अंतर्गत अरवल निवासी खुशबू (26)पत्नी फूल कुमार अपने पति के साथ थाना धनपतगंज के चन्दौर अंतर्गत पूरे गंगा मिश्र में एक निमंत्रण में शामिल होने गयी थी। गुरुवार को दोपहर वह लौट रही थी कि हरौरा स्थित माइनर के पास महिला की साड़ी बाइक में फंस गई। जिससे अनियंत्रित बाइक से गिरकर महिला गम्भीर रूप से घायल हो गयी। परिजन उसे स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धनपतगंज ले गए। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी प्रवीण यादव ने बताया कि शव का पंचनामा करवारकर पोस्टमार्टम के लिये भेजा जा रहा है। उधर, गुरुवार को 11 बजे थाना क्षेत्र के पूरे विषुन पुरवा निवासी आशीष कुमार(38) सुत रामसूरत अपने पड़ोसी पप्पू सुत सुकई के साथ उसी की बाइक से अपनी ससुराल कोरों गांव जा रहा था। कस्बा धनपतगंज में सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर से तेज रफ्तार के साथ बाइक की जोरदार टक्कर हो गयी। जिसमें बाइक चला रहे पप्पू के साथ बैठे आशीष सहित दोनों के सिर और सीने में गम्भीर चोट लगी। दोनों मौके पर बेहोश हो गये। सूचना पर पहुंची धनपतगंज थाना पुलिस दोनों को इलाज के लिए सीएचसी ले गयी। जहां चिकित्सक ने हालत गम्भीर देखते हुए इलाज के लिए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया है। चांदा संवाद के अनुसार स्थानीय कोतवाली के क्षेत्र के सिहौंली गांव निवासी युवक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान सोनू के रूप में हुई है, जो ढकवा बजार से अपने गांव सिंहौली लौट रहा था। अचानक हाईवे पर सोनावा गांव के समीप फोरलेन पर तेज़ रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में सोनू गंभीर रूप से घायल हो गए। एंबुलेंस की सहायता से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर कमैचा लाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेडिकल कालेज रेफर कर दिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।