घरेलू विवाद में जेठानी ने देवरानी की गला कसकर की थी हत्या
Sultanpur News - कुड़वार में एक महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच शुरू की। जेठानी ने घरेलू विवाद के चलते देवरानी की हत्या कर दी। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर जेठानी को...

कुड़वार। बुधवार शाम को संदिग्ध परिस्थितियों में हुई महिला की मौत के मामले में पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच शुरू की तो सच्चाई सामने आई। घटना को घरेलू विवाद के चलते जेठानी ने अंजाम देकर उसे छुपाने का प्रयास किया था। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी जेठानी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला स्थानीय थाना क्षेत्र के देवलपुर प्रथम गांव से जुड़ा है। बुधवार की शाम जेठानी रीता सिंह पत्नी अर्जुन सिंह ने अपनी देवरानी सविता सिंह(37) पत्नी मुकेश सिंह की पेटीकोट से गला कसकर उस समय हत्या कर दी थी।
जिस समय घर में कोई पुरुष नहीं था। दोनों के पति रोजी रोजगार से बाहर थे तथा मृतका के दोनों बच्चे कोचिंग पढ़ने गए थे। गुरुवार को पुलिस को सूचना देकर आत्महत्या की कहानी बतायी गयी। पुलिस ने मायके वालों की उपस्थिति में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पीएम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस हरकत में आयी। पुलिस जांच में घटना का कारण यह निकलकर सामने आया कि घटना के एक दिन पूर्व देवरानी ने जेठानी को घरेलू विवाद में डंडे से पिटाई की थी इसी से रूष्ट होकर जेठानी ने देवरानी की हत्या कर डाली। मृतका के भाई आदित्य सिंह पुत्र स्व सदालत सिंह निवासी चकभतडी़ थाना रानीपुर जिला मऊ की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी जेठानी रीता सिंह पत्नी अर्जुन सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। मृतका की पन्द्रह वर्ष पूर्व शादी हुई थी। जिसकी दो संताने अर्पित उर्फ कल्लू(08) व पलक (11)है। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। प्रभारी निरीक्षक अमित मिश्रा ने बताया कि आरोपी महिला को गिरफ्तार करते हुए आलाकत्ल पेटीकोट बरामद किया गया है। आरोपी महिला को जिला न्यायालय भेज कर कार्यवाही की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।