देवरिया: बंद कमरे में 10 दिन से सड़ रही थी लाश, पत्नी बोली-'पड़ोसियों ने मार डाला'
देवरिया के भटनी क्षेत्र के मिश्रौली दीक्षित गांव में एक घर के बंद कमरे से युवक की सड़ चुकी लाश मिली है। मायके से लौटी पत्नी को इसकी जानकारी हुई तो उसने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव...

देवरिया के भटनी क्षेत्र के मिश्रौली दीक्षित गांव में एक घर के बंद कमरे से युवक की सड़ चुकी लाश मिली है। मायके से लौटी पत्नी को इसकी जानकारी हुई तो उसने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की पत्नी ने अपने पड़ोसियों पर पति की हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच कर रही है।
मिश्रौली निवासी अभिराम गोड़ (उम्र 46 वर्ष) मजदूरी करता था। छठ पूजा के दिन उसकी पत्नी फूलकली अपनी दो बेटियों आंचल ( उम्र 8 वर्ष) और पलक (उम्र 6 वर्ष) को उसके पास ही छोड़कर मायके गई थी। गुरुवार को महिला वापस लौटी तो कमरे में पति का शव मिला। शव की हालत को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि उसकी मौत 10 दिन पहले ही हो गई होगी। महिला ने अपने दो पड़ोसियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को देर रात सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकालकर घर को बंद कर दिया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है। किसी को यह समझ नहीं आ रहा कि घर में दो बच्चों के मौजूद होने के बावजूद युवक की मौतम की जानकारी इतने दिनों बाद क्यों हुई।
पुलिस को सूचना देने से पहले मायके गई महिला
आसपास के लोगों की मानें तो महिला घर आकर रो रही थी। फिर शव को छोड़कर अपने मायके पड़री झिल्लीपर चली गई। वहां से आने के बाद देर रात उसने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
शव की स्थिति काफी खराब हो गई थी। महिला के आरोप और अन्य पहलुओं पर पुलिस जांच कर रही है। कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही सच्चाई का पता चल जाएगा।
मुकेश मिश्र, थानाध्यक्ष, भटनी