Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़Union Minister Kaushal Kishore s house Gambling was going on shot dead over dispute over losing murder of son s friend revealed within a few hours

केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर के घर चल रहा था जुआ, हारने पर हुए विवाद में बेटे के दोस्त की गोली मारकर हत्या

लखनऊ में केद्रीय मंत्री कौशल किशोर के घर पर उनके बेटे के दोस्त की हत्या का कुछ घंटोंं में ही पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मंत्री के घर जुआ चल रहा था। जुए के विवाद में बेटे के दोस्त को गोली मार दी गई।

Yogesh Yadav हिन्दुस्तान, लखनऊFri, 1 Sep 2023 10:21 PM
share Share
Follow Us on
केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर के घर चल रहा था जुआ, हारने पर हुए विवाद में बेटे के दोस्त की गोली मारकर हत्या

लखनऊ में केद्रीय मंत्री कौशल किशोर के घर पर उनके बेटे के दोस्त की हत्या का कुछ घंटोंं में ही पुलिस ने खुलासा कर दिया है। हत्या कौशल किशोर के बेटे विकास किशोर की पिस्टल से ही की गई थी। हालांकि हत्या के समय कौशल किशोर का बेटा मौके पर नहीं था। मंत्री के घर पर जुए की फड़ लगी थी। हारने पर हुए विवाद में बेटे के दोस्त विनय श्रीवास्तव (24) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस को गले पर खरोंच के निशान भी मिले थे। मौके पर मंत्री के बेटे विकास किशोर की लाइसेंसी पिस्टल भी मिली थी। विनय के घर वालों ने विकास किशोर पर हत्या की साजिश रचने का शक जताया था। पुलिस ने वारदात का पर्दाफाश करते हुये नामजद किये गये तीनों आरोपितों अजय रावत, अंकित वर्मा और शमीम को गिरफ्तार कर लिया है। 

जेसीपी क्राइम आकाश कुलहरि ने दावा किया कि घटना से कुछ देर पहले ही अंकित और अजय मंत्री पुत्र विकास को छोड़ने एयरपोर्ट गये थे। विकास को दिल्ली जाना था। एयरपोर्ट से लौटने के बाद जुए में 12 हजार रुपये हारने को लेकर विनय का अजय, शमीम व अंकित से विवाद हो गया। इसमें ही बात बढ़ने पर अंकित ने बेड पर तकिये के नीचे रखी विकास किशोर की लाइसेंसी पिस्टल से विनय पर गोली चला दी।

माथे में गोली लगते ही उसकी मौके पर मौत हो गई थी। घटना के समय यही तीन लोग थे जबकि दो दोस्त बंटी और सौरभ रावत वहां से चले गये थे। जेसीपी ने कहा कि लापरवाही से शस्त्र रखने की वजह से मंत्री पुत्र विकास किशोर के शस्त्र लाइसेंस को निरस्त करने की कार्रवाई की जा रही है।

घटना से पहले छह लोग थे घर में
दुबग्गा इलाके के बेगरिया फरीदीपुर में राज्यमंत्री कौशल किशोर का मकान है। यहां से कुछ दूरी पर सड़क के दूसरी ओर नया मकान बनवाया था। इसमें उनका एक बेटा विकास किशोर उर्फ आशू रहता है। उसके दोस्त और पार्टी के कार्यकर्ता इस मकान में आते-जाते रहते हैं। बेगरिया का विनय श्रीवास्तव अक्सर विकास किशोर के साथ ही रहता था। विनय के साथ विकास के मकान में गुरुवार रात छह लोग ठाकुरगंज निवासी अजय रावत, अंकित वर्मा, सौरभ रावत, अरुण उर्फ बंटी और शमीम थे। 

गेम बीच में ही बंद करने पर उग्र हो गया था विनय
जेसीपी ने दावा किया कि जुआ खेलने से पहले सबने शराब पी थी। इसके बाद जुआ खेलना शुरू किया गया। इसमें विनय 12 हजार रुपये हार गया। जुआ खेलने के बीच में भूख लगी तो सौरभ खाना लेने चला गया। करीब साढ़े तीन बजे वह खाना लेकर आया। सबने खाना खाया।

इसके बाद विनय ने फिर जुआ खेलने को कहा। पर, अंकित व अजय ने मना कर दिया। उसने कहा कि अब गेम बंद। दूसरे दिन खेला जायेगा। यह कहकर उसने सौरभ व अरुण उर्फ बंटी को वहां से भेज दिया। इस पर विनय उग्र हो गया और वह अंकित से भिड़ गया कि तुमने साजिश कर हरवाया है। वह अभी और खेलता तो काफी रुपये जीतता। 

हाथापाई होने पर अंकित ने चला दी गोली
जेसीपी क्राइम ने बताया कि विवाद बढ़ने पर विनय ने अंकित, सौरभ व शमीम से हाथापाई शुरू कर दी। बात बढ़ती गई तो अंकित ने बेड पर तकिया के नीचे रखी विकास किशोर की लाइसेंसी पिस्टल निकाली और विनय पर गोली चला दी। विनय के माथे को भेदती हुई गोली निकल गई। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।सब दहशत में आ गये।

इन लोगों ने पहले सौरभ व बंटी को फोन कर बुलाया। इसके बाद मंत्री व विनय के घर वालों को सूचना दी गई। कौशल किशोर को फोन किया कि विनय की गोली लगने से मौत हो गई है। वह बेटे के घर पहुंचे, फिर उन्होंने पुलिस कमिश्नर एसबी शिरडकर को इस बारे में बताया। कुछ देर में ही जेसीपी उपेन्द्र कुमार अग्रवाल, डीसीपी राहुल राज, एडीसीपी चिरंजीव नाथ सिन्हा मौके पर पहुंच गये। 

खून से लथपथ फर्श पर पड़ा था विनय
पुलिस जब मौके पर पहुंची तो विनय का खून से लथपथ शव कमरे में फर्श पर पड़ा था। सिर से काफी खून बहा हुआ था। माथे के बीच में गोली का एक निशान दिख रहा था। शर्ट फटी हुई थी। वहीं पर एक पिस्टल पड़ी हुई थी। यह विकास की लाइसेंसी पिस्टल थी। छत पर विनय की घड़ी मिली थी। शाम करीब 4 बजे पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर पहुंचे परिजनों ने रिंग रोड चौकी के पास सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर जाम भी लगाया था। कुछ देर बाद ही पुलिस अफसरों के समझाने पर अंतिम संस्कार के लिए राजी हो गए थे। 

आरोपितों ने पहले खुदकुशी बताया 
विनय के भाई विकास श्रीवास्तव ने अजय,अंकित व शमीम पर हत्या का शक जताते हुये एफआईआर सुबह दर्ज करा दी थी। पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया था। इन लोगों ने पुलिस को उलझाया और कहा कि विनय ने किसी बात पर विकास किशोर की पिस्टल से खुद को गोली मार ली है। खुदकुशी की वजह तीनों नहीं बता सके थे। कई सवाल और घर पर लगे सीसी कैमरे के आधार पर पुलिस ने पूछताछ की तो तीनों ने सच बता दिया। घर में लगे सीसी कैमरे से यह साफ हुआ कि मंत्री का बेटा विकास घटना से पहले निकल गया था। हत्या से पहले सौरभ व बंदी भी बाहर जाते दिखे और हत्या के कुछ देर बाद दोनों घर के अंदर जाते दिखे हैं। 

मंत्री बोले-पुलिस जांच कर रही
केन्द्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने पुलिस कमिश्नर को सूचना दे दी थी। घर में मौजूद विनय के दोस्त थे, उन्हें पुलिस अपने साथ ले गई थी। पुलिस की जांच पूरी हो गई है। दोषी लोग पकड़ लिये गये हैं। उनका बेटा विकास किशोर उर्फ आशू अपनी मां विधायक जयदेवी को देखने एक दिन पहले ही दिल्ली गया था। वह कुछ दिन से अस्पताल में थी। दो दिन पहले ही अस्पताल से छुट्टी पर घर पहुंची थी। उनसे मिलने बेटा गया था। बेटे का घटना में कोई हाथ नहीं है। 

रात एक बजे भाई से बात हुई थी
विनय के भाई विक्रान्त श्रीवास्तव ने बताया कि उसका भाई अक्सर एक बजे तक आ जाता था। वह एक बजे तक नहीं आया तो उसने विनय को फोन मिलाया। विनय ने कहा कि अभी वह विकास के घर पर है। थोड़ी देर में पहुंचेगा। तीन बजे के बाद उनके पास फोन आया कि विनय के गोली लग गई है। इससे ज्यादा किसी ने कुछ नहीं बताया था। 

विकास का राजदार भी था विनय 
घर वालों ने बताया कि विकास किशोर और विनय हमेशा साथ रहते थे। विकास किशोर के हर काम का वह राजदार भी था। इसको लेकर भी कई तरह की चर्चाएं होती रही। घर वालों ने यह मानने से इनकार किया कि यह घटना आत्महत्या हो सकती है। भाई विक्रान्त ने कहा कि उसका भाई विनय खुदकुशी नहीं कर सकता है।

लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |
अगला लेखऐप पर पढ़ें