पूरे दिन आसमान में छाए रहे बादल, कई जगहों पर हुई बूंदाबांदी
Sonbhadra News - सोनभद्र में शनिवार को बादल छाए रहे और बूंदाबांदी हुई, जिससे लोगों को उमस से राहत मिली। पिछले चार दिनों में तापमान 4 डिग्री सेल्सियस कम हुआ है। शुक्रवार को हुई झमाझम बारिश ने किसानों को खेतों में काम...
सोनभद्र, संवाददाता। सोनांचल में शनिवार को पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे। कई जगहों पर बूंदबांदी भी हुई। इससे आम जनमानस को उमस से थोड़ी राहत मिली। बरसात के चलते तापमान में चार दिनों में चार डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। शुक्रवार को जिले में हुई झमाझम बरसात के बाद किसान खेती-किसानी में जुट गए हैं। जनपद में शुक्रवार को झमाझम बरसात होने के बाद नगर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगहों पर पानी लग गया है। नगर पालिका क्षेत्र के कई गलियों में पानी भर जाने के चलते लोगों को आवागमन करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने के चलते लोगों में नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ आक्रोश भी देखा जा रहा है। नगर के नई बस्ती, काशीराम आवास, न्यू कालोनी, आंबेडकर नगर सहित कई मोहल्लों में बरसात होने के बाद नालियों का पानी गलियों में लग गया है। हालांकि शनिवार को सुबह से ही पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन बरसात नहीं हुई। जिले के कई क्षेत्रों में बूंदाबांदी देखने को मिली। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। मौसम विज्ञान केंद्र चुर्क के प्रेक्षक राजन सिंह के मुताबिक शनिवार को जनपद का अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं शुक्रवा को अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया था। जबकि दो दिन पहले गुरुवार को अधिकतम तापमान 32.8 व न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री व बुधवार को अधिकतम तापमान 34.6 व न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया था। इस तरह चार दिनों में चार डिग्री सेल्सियस तापमान में कमी आई है। वहीं शुक्रवार को बारिश होने के चलते 24 घंटे में दो डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान में कमी आई है, जिसके चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।