आठ सूत्री मांगों के समर्थन में आशा कार्यकत्रियों ने किया प्रदर्शन
Sonbhadra News - बदायूं में टीकाकरण के बाद घर लौट रही आशाकर्मी का अपहरण कर सामूहिक बलात्कार किया गया। इस घटना के विरोध में आशा कार्यकत्रियों ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने...
सोनभद्र, संवाददाता। बदायूं में टीकाकरण करके घर लौट रही आशाकर्मी का अपहरण कर उसके साथ सामूहिक बलात्कार किए जाने की घटना के विरोध में सोमवार को उत्तर प्रदेश आशा वर्कर्स यूनियन के बैनर तले आशा कार्यकत्रियों ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। घटना के विरोध में नारेबाजी किए। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित आठ सूत्री ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय में सौंपा। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन कर रही आशा कार्यकत्रियों ने अपराधियों की गिरफ्तारी किए जाने और विशेष अदालत में मुकदमे की सुनवाई कर त्वरित न्याय दिलाए जाने की मांग की। इसके साथ ही पीड़ित परिवार को 50 लाख का मुआवजा दिए जाने एवं प्रदेश भर की आशा, संगिनी कर्मियों की सुरक्षा की गारंटी दिए जाने पर जोर दिए।
निजी चिकित्सालयों के गर्भवती महिलाओं के भर्ती करने पर सीएमओ की संस्तुति को अनिवार्य किया जाय तथा आशा कर्मियों पर जिम्मेदारी डालकर उनको अकारण दंडित करने की घटना पर रोक लगाए जाने की मांग की गई। संभल जिले में आशा कर्मियों के खिलाफ हो रही कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाए जाने और वर्ष 2019 से मार्च 2022 तक की बकाया प्रोत्साहन राशियों का भुगतान करने की मांग की गई। इसके साथ ही पीलीभीत की जिलाध्यक्ष और अन्य आशाकर्मियों के विरुद्ध दर्ज किए गए मुकदमे को वापस करने समेत आठ सूत्री मांगों को पूरा किए जाने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में जानकी देवी, मीना,चिंता देवी, फूलवन्ती देवी, सुमन कुमारी, शारदा देवी, ममता, प्रमिला देवी, सीता देवी, मोनिका, राधिका देवी आदि उपस्थित रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।