डाल में फंसकर अधेड़ की मौत
Sitapur News - मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र में एक अधेड़ व्यक्ति की जामुन तोड़ते समय पेड़ में गर्दन फंसने से मौत हो गई। घटना से गांव में हड़कंप मच गया। मृतक बिंद्रा जामुन बेचने का काम करते थे। ग्रामीणों और पुलिस ने मिलकर...

नैमिषारण्य, संवाददाता। मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार सुबह को जामुन तोड़ते समय पेड़ में फंसकर एक अधेड़ की मौत हो गई। इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया और परिवार में कोहराम मच गया। मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम नई बस्ती जिहुरा निवासी बिंद्रा (50) पेशे से जामुन बेचने का काम करते थे। रोज की तरह शुक्रवार सुबह भी वह साइकिल से बहुती झाला के पास स्थित राम प्रसाद की बाग में जामुन तोड़ने पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जामुन तोड़ते समय अचानक बिंद्रा पेड़ की ऊंची डाल में गर्दन फंस गई और वहीं पर उनकी मौत हो गई। काफी देर तक जब वह पेड़ से नीचे नहीं उतरे तो गांव के लोग वहां पहुंचे।
पेड़ के पास उनकी साइकिल और चप्पल पड़ी देखकर शंका हुई। ऊपर नजर दौड़ाई तो पेड़ की डाल में बिंद्रा का शरीर फंसा दिखाई दिया। यह दृश्य देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। तत्काल 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर अरविंद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद पुलिस कर्मियों और ग्रामीणों की मदद से शव को पेड़ से नीचे उतारा गया। शव देखते ही परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। मृतक के परिजनों ने बताया कि बिंद्रा लंबे समय से जामुन तोड़कर बेचने का काम कर परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। इंस्पेक्टर अरविंद सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हादसा प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह साफ हो सकेगी। घटना के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।