कस्बे में भक्ति के रंग में रंगी निकली भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा
Santkabir-nagar News - मेंहदावल में शुक्रवार को आषाढ़ मास की द्वितीया तिथि पर भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा निकाली गई। ऐतिहासिक कुबेरनाथ मंदिर से शुरू होकर रथ यात्रा ने नगर में धूमधाम से यात्रा की। श्रद्धालुओं ने भगवान के...

मेंहदावल, हिन्दुस्तान संवाद। मेंहदावल कस्बे में आषाढ़ मास की शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि पर शुक्रवार को भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा पूरे नगर में धूमधाम से निकाली गई। रथ पर सवार भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और भ्राता बलराम की सुशोभित झांकी ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। रथ यात्रा की पूजन और मंत्रोच्चार के बीच ऐतिहासिक कुबेरनाथ मंदिर से शुरुआत की गई। वैदिक मंत्रों के गूंजते स्वर और श्रद्धालुओं के जयघोष के बीच पंडित दयाशंकर चतुर्वेदी द्वारा विधिवत पूजन किया गया। उन्होंने कहा कि जगन्नाथ का अर्थ है जगत के नाथ। इस दिन भगवान स्वयं अपने भक्तों को दर्शन देते हैं और उनकी सच्ची प्रार्थनाओं को पूर्ण करते हैं।
रथ यात्रा कुबेरनाथ मंदिर से प्रारंभ होकर टंड़वरिया, बसडीला, एकला, सोनौरा, उत्तरपट्टी, चौक बाजार, अंजहिया बाजार, ठाकुरद्वारा, रोडवेज और पेट्रोल पंप होते हुए पुन: मंदिर परिसर में पहुंचकर समापन किया गया। रथ यात्रा ने न केवल धर्मिक उल्लास को जीवंत किया, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना का भी संदेश दिया। इस दौरान कस्बे में जगह-जगह भगवान के नाम का जयघोष सुनाई दे रहा था। भगवान के दर्शन कर सभी ने अपनी मनोकामना को पूरा होने का आशीर्वाद मांगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।