35 डिग्री तापमान करा रहा 40 का अहसास
Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर में किसानों को मानसून के पूरी तरह से रूठ जाने का सामना करना पड़ रहा है। पिछले एक सप्ताह से बारिश नहीं हुई है और तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। किसान सूखे की चिंता में हैं जबकि...

संतकबीरनगर, निज संवाददाता। जिले के किसानों के लिए मानसून पूरी तरह से रूठा हुआ है। पिछले एक सप्ताह से पानी मयस्सर नहीं हुआ है। छिटपुट जो बारिश हुई भी वह नहीं के बराबर है। गर्मी का आलम यह है कि अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, लेकिन गर्मी लोगों को 40 डिग्री सेल्सियस के अनुरूप लग रही थी। पूरे दिन आसमान में बादलों की आवाजाही जारी है। वातावरण में आर्द्रता भी अधिक है इसकी वजह से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा।
जून के महीने में जिस प्रकार की बारिश होनी चाहिए वह अभी तक नहीं हुई है, जबकि जून माह बीतने में मात्र तीन दिन शेष हैं। जून के आखिरी हफ्ते में भी दोपहर में लोग घरों से निकलने में कतराते रहे। उमस भरी तेज गर्मी से लोग काफी परेशान हो रहे हैं। पुरवा हवाएं चलने से खुले में पेड़ों के नीचे थोड़ी राहत मिल रही है। लेकिन घरों की हालत ऐसी है कि तेज धूप से मकान की दीवारों से गर्मी निकल रही है। पंखे के नीचे से हटते ही पसीना छूटने लग रहा है। तेज धूप के कारण लोग 11 बजे की बाद बहुत कम बाहर निकल रहे हैं। शाम होने के बाद शहर में भीड़ दिख रही है। बारिश न होने के कारण किसान पूरी तरह से चिंतित हैं। किसानों को इस बात का डर सता रहा है कि कहीं सूखा न पड़ जाए। 15 जून से ही जिले की सीमा में मानसून पूरी तरह से सक्रिय है। फिर भी जिस अनुरूप बारिश की उम्मीद की जा रही थी उस अनुरूप बारिश नहीं हुई है। बारिश न होने के बाद भी उम्मीद के भरोसे खेती किसानी के काम तेजी से निपटाए जा रहे हैं। वहीं मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जल्द ही भारी बारिश के आसार हैं। आगामी 24 घंटे के दौरान मध्यम से भारी स्तर के बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान किसानों को सतर्क रहने की जरूरत है। डॉ. अमरनाथ मिश्रा मौसम वैज्ञानिक नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज, अयोध्या
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।