महिला की संदिग्ध हालात में मौत, परिजनों ने लगाए आरोप
Sambhal News - अजीजपुर गांव की 26 वर्षीय महिला रिंकी कुमारी की दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुराल पर उत्पीड़न के आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।...

थाना क्षेत्र के अजीजपुर गांव की रहने वाली महिला रिंकी कुमारी (26) की उपचार के दौरान दिल्ली स्थित सफदरजंग अस्पताल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला की मौत के बाद मायके पक्ष ने ससुराल पर उत्पीड़न समेत कई गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। बदायूं जिले के उघैती थाना क्षेत्र के मोहम्मदगंज गोबरा गांव निवासी महीपाल सिंह ने अपनी पुत्री रिंकी की शादी छह वर्ष पूर्व अजीजपुर गांव के धर्मवीर सिंह के साथ की थी। पिता का आरोप है कि 24 जून को रिंकी की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे पहले अलीगढ़ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां राहत न मिलने पर उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में स्थानांतरित किया गया।
उपचार के दौरान 27 जून की शाम लगभग 5 बजे महिला की मौत हो गई। महिला की मौत के बाद शव का पोस्टमार्टम दिल्ली सफदरजंग अस्पताल में ही किया जा रहा है। विवाहिता के पिता महीपाल सिंह ने जुनावई थाने में तहरीर देकर रिंकी की मौत को संदिग्ध बताते हुए जांच की मांग की है। थाना प्रभारी उमेश सिंह सोलंकी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही होगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।