अंतर सेक्टर भारत्तोलन प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दम
Rampur News - रामपुर में सीआरपीएफ ग्रुप केन्द्र में अंतर सेक्टर भारत्तोलन प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। लगभग 200 प्रतिभागी विभिन्न भार वर्गों में अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। पुलिस उप महानिरीक्षक सुभाष चन्द्र...

रामपुर। सीआरपीएफ ग्रुप केन्द्र में बुधवार को मुख्य अतिथि सुभाष चन्द्र, पुलिस उप महानिरीक्षक, ग्रुप केन्द्र ने अंतर सेक्टर भारत्तोलन प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में केरिपुबल के विभिन्न सेक्टरों से लगभग 200 प्रतिभागी प्रतिभाग कर विभिन्न भार वर्गों में अपनी क्षमता और कौशल का प्रदर्शन करेंगे। सुभाष चन्द्र, पुलिस उप महानिरीक्षक ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनांए देते हुए सर्वोच्च खेल प्रदर्शन करने हेतु प्रेरित किया। सुभाष चन्द्र ने बताया कि यह आयोजन ना केवल बल के जवानों की शारीरिक दक्षता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है,बल्कि आपसी प्रतिस्पर्धा और खेल भावना को भी सशक्त करता है।
खेल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है। यह मानसिक और सामाजिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मुख्य अतिथि ने बल के जवानों की खेलों में बढ़ती भागीदारी को प्रेरणादायक बताया। प्रतियोगिता के शुभारंभ के दौरान स्टेशन स्तर पर वरिष्ठ अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी और जवानों ने उपस्थित होकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और खेल को पूरी लगन व ईमानदारी से खेलने के लिए सभी प्रतिभागियों को शपथ भी दिलाई। मुख्य अतिथि ने बताया कि प्रतियोगिता 28 जून 2025 को समापन समारोह के साथ संपन्न होगी, जिसमें विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।